शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ने से कई तरह की गंभीर बीमारी हो सकती है। डायबिटीज के मरीजों के लिए अपना शुगर लेवल कंट्रोल रखना काफी महत्वपूर्ण होता है। आरामदायक जीवनशैली, तनाव और खराब खानपान के कारण शरीर में ब्लड शुगर यानी रक्त शर्करा की मात्रा बढ़ जाती है। इसके कारण दिल का दौरा, किडनी से जुड़ी बीमारी, आंखों की रोशनी धुंधली होना और हड्डियों के कमजोर होने जैसी खतरनाक बीमारी हो सकती है।
ऐसे में, ब्लड शुगर के मरीजों को अपने खानपान में सुधार करना चाहिए। आइए जानते हैं ब्लड शुगर के मरीजों के लिए अच्छा डाइट चार्ट:
कुछ ऐसा हो सुबह का नाश्ता: ब्लड शुगर के मरीजों को सुबह-सुबह प्रोटीन से भरपूर चीजों का सेवन करना चाहिए। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें की नाश्ता जल्दी कर लें। क्योंकि, खाने में देरी आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। डॉक्टर्स ब्लड शुगर से जूझ रहे लोगों को सुबह के नाश्ते में दलिया, बिना मलाई का दूध, उबले हुए अंडे खाने की सलाह देते हैं।
डाइट एक्सपर्ट्स भी ब्लड शुगर के मरीजों को सुबह-सुबह मेथी के दानों का पानी, बिना शक्कर और चीनी की चाय, अखरोट और बादाम खाने की सलाह देते हैं।
नाश्ते और लंच के बीच में खाएं ये चीजें: ब्लड शुगर के मरीजों को दोपहर के खाने और नाश्ते के बीच फल जरूर खाने चाहिए। इस दौरान संतरा, अमरूद और पपीता आदि खाया जा सकता है।
दोपहर का खाना: जो लोग डायबिटीज की बीमारी से जूझ रहे हैं उन्हें दोपहर के खाने में दाल, चावल, सब्जी, दही और थोड़ी सलाद खानी चाहिए। इस दौरान सब्जियों में शिमला मिर्च, बैंगन, गोभी, मशरूम और लौकी फायदेमंद हैं। वहीं, सलाद में खीरा, चुकंदर, टमाटर और गाजर खाना चाहिए।
रात के समय में खाएं ये चीजें: ब्लड शुगर के मरीजों को रात में 2 रोटी, हरी पत्तेदार सब्जियां और थोड़े चावल खाने चाहिए। खाने में आप वेजिटेबल सूप भी पी सकते हैं।
वहीं, रात में सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में चुटकी भर हल्दी डालकर पीना चाहिए।
इन चीजों को खाने से बचें: जो लोग डायबिटीज की बीमारी से ग्रसित हैं, उन्हें ऐसे भोजन का सेवन करने से बचना चाहिए, जिसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है। डायबिटीज के मरीजों को आम, अंगूर, आलू और किशमिश जैसी चीजों से दूर रहना चाहिए।