दही हमारी डाइट का अहम हिस्सा है जिसका सेवन हम सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक में करते हैं। गर्मी में दही के बिना खाने का स्वाद अधूरा लगता है। दही में विटामिन ई,जिंक और फोसफोरियस मौजूद होता है जो स्किन की रंगत में निखार लाता है और सेहत को फायदा पहुंचाता है। दही की तासीर ठंडी होती है जो गर्मी में हमारी बॉडी की गर्मी को चूस लेती है और बॉडी को कूल करती है। दही का सेवन करने से डिहाइड्रेशन की परेशानी दूर होती है।
दही का सेवन इम्युनिटी स्ट्रॉन्ग करता है और दिल की सेहत को दुरुस्त रखता है। अगर आपके मुंह में छालें हो गए हैं तो आप दही का सेवन करें। पाचन को दुरुस्त रखने में दही का सेवन बेहद फायदेमंद साबित होता है। दही हड्डियों और दांतों को हेल्दी बनाती है।
सेहत के लिए बेहद उपयोगी दही को लेकर लोगों के मन में कई मिथक है। दही खाने के समय को लेकर अक्सर लोग अलग-अलग राय रखते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि रात में दही का सेवन सेहत को नुकसान पहुंचाता है। ईटफिट की फाउंडर सेलिब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के मुताबिक दही का सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि क्या रात में दही का सेवन करना चाहिए या नहीं?
दही का सेवन रात में करना चाहिए या नहीं?
दही एक डेयरी प्रोडक्ट है जिसमें वसा और प्रोटीन भरपूर होता है। इसमें वसा और प्रोटीन ज्यादा होता है जिसकी वजह से कुछ लोगों के लिए इसे पचाना मुश्किल होता है। पाचन की समस्या वाले लोगों के लिए दही का सेवन रात में पाचन को बिगाड़ सकता है। जिन लोगों को पाचन की परेशानी है वो दही का सीमित सेवन करें।
पाचन की समस्या वाले लोग अगर दही का सेवन करते हैं तो उनके लिए इसे पचाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे लोगों के लिए दही रात में असुविधा या अपच की परेशानी पैदा कर सकती है। अगर आपको पाचन संबंधी कोई समस्या नहीं है,तो आप अपने संतुलित आहार के हिस्से के रूप में रात में दही का सेवन कर सकते हैं।
आयुर्वेद के मुताबिक क्या रात में दही का सेवन करना चाहिए?
न्यूट्रिशन और वेलनेस कंसल्टेंट नेहा सहाय ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें बताया है कि आयुर्वेद के मुताबिक दही में खट्टे और मीठे दोनों गुण मौजूद होते हैं। दही के ये गुण कफ दोष को बढ़ाते हैं। रात के समय दही का सेवन करने से बॉडी में कफ की परेशानी बढ़ सकती है। इससे नाक में बलगम की परेशानी बढ़ सकती है। एक्सपर्ट के मुताबिक ये परेशानी सभी लोगों को नहीं होती।
दही प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है जो आंत की अच्छी सेहत के लिए जरूरी है। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। दही में कम कैलोरी, कैल्शियम और फॉस्फोरस मौजूद होता है जो सेहत को बेहद फायदा पहुंचाता है। दही का सेवन करना चाहते हैं तो घर की ताजी दही का सेवन करें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।