कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में बहुत तेजी से इजाफा हो रहा है। WHO और डॉक्टर्स के अनुसार कोरोना वायरस से बचाव के लिए साफ-सफाई का होना बेहद जरूरी है। इसलिए हाथ को साबुन या सैनिटाइजर से साफ करने की सलाह भी दी गई है। हैंड सैनिटाइजर कीटाणुओं और वायरस को हमारे हाथों से निकाल देता है। लेकिन क्या हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल बच्चों के लिए सुरक्षित होता है? आइए जानते हैं बार-बार हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने से सेहत को क्या नुकसान पहुंच सकता है-
हैंड सैनिटाइजर में एल्कोहल होता है: ऐसा माना जाता है कि हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल वायरस और बैक्टीरिया को खत्म कर देता है। इसलिए लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचने के लिए हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है। लेकिन सैनिटाइजर का इस्तेमाल बच्चों के लिए नुकसानदायक होता है। सैनिटाइजर में एल्कोहल और कुछ विषैले पदार्थ होते हैं जो बच्चों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं।
क्या नुकसान होता है: बच्चों को हाथों को बार-बार मुंह में लेकर जाने की आदत होती है। ऐसे में हाथों में लगा सैनिटाइजर बच्चों के पेट में जाता है और पाचन शक्ति को प्रभावित करता है। इस वजह से पेट दर्द और यहां तक कि उल्टी की समस्या भी होने लगती है। कई बार यह घातक भी हो जाता है। ऐसे में विशेषज्ञ बच्चों के लिए एल्कोहल फ्री सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं।
एलर्जी हो सकता है: हैंड सैनिटाइजर के इस्तेमाल के कारण बच्चों को एलर्जी हो सकता है। सैनिटाइजर में कुछ केमिकल्स होते हैं जिसके कारण बच्चों को एलर्जी हो सकती है। साथ ही सैनिटाइजर में सुगंध भी होता है जो बच्चों को नुकसान पहुंचाता है। ऐसी स्थिति में बच्चे को सुगंधरहित सैनिटाइजर देना उपयोगी होता है। इन दिनों बच्चों के लिए बाजार में हर्बल और ऑर्गेनिक विकल्प भी उपलब्ध है।
सैनिटाइजर का इस्तेमाल कब करें: बच्चों के लिए हैंड सैनिटाइदर का इस्तेमाल कब करना चाहिए इसकी सही जानकारी होनी चाहिए। यदि आप बच्चों के साथ पिकनिक गए हैं तो हैंड सैनिटाइजर का यूज कर सकते हैं। यदि आप किसी बीमार रिश्तेदार से मिलने गए हैं तो हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें क्योंकि बच्चा बीमार व्यक्ति के संपर्क में आया है। लेकिन फर्श पर रखे खिलौनों को छूने पर बच्चे का बार-बार हैंड सैनिटाइज कराना सही नहीं है।