सर्दी में ठंडा मौसम बेहद परेशान करता है। इस मौसम में सर्दी- जुकाम,खांसी और बलगम से ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। इस मौसम में थोड़ी सी भी लापरवाही की जाए तो छाती कफ से जकड़ जाती है और बलगम बाहर नही आता। छाती से अजीब सी घरघराहट की आवाज आती है। ये घरघराहट की आवाज वायुमार्ग के संकुचन की वजह से होती है। छाती में कफ का जमना एक सामान्य श्वसन स्थिति है जो वायुमार्ग और फेफड़ों में बलगम और तरल पदार्थ के निर्माण के कारण होती है। छाती में जमाव का सबसे आम कारण वायरल या बैक्टीरियल श्वसन संक्रमण है।

छाती में कफ जमने पर बॉडी में उसके कुछ लक्षण दिखने लगते हैं। खांसी छाती में कफ जमा होने का प्रमुख लक्षण है। छाती में बलगम जमा होने पर सांस लेने में तकलीफ हो सकती है और सीने से घरघराहट की आवाज आ सकती है। खांसी के साथ बलगम हो सकता है जो सफेद,पीला और हरा किसी भी रंग का हो सकता है।

आप भी सर्दी में छाती के बलगम से परेशान हैं तो कुछ आयुर्वेदिक घरेलू नुस्खों को अपनाएं। कुछ घरेलू नुस्खे छाती के बलगम से निजात दिलाएंगे और खांसी का उपचार करें। आयुर्वेदिक गुरु स्वामी ध्यान नीरव के मुताबिक छाती में जमा कफ का इलाज करने के लिए बेहद रामबाण इलाज मौजूद है। अगर इन नुस्खे को अपना लिया जाए तो छाती में बलगम और खांसी से निजात पाई जा सकती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि छाती के बलगम का इलाज कैसे करें।

अदरक से करें छाती के कफ का इलाज

अगर छाती में बलगम जम गया है और कफ से परेशान हैं तो आप अदरक के दूध का सेवन करें। एक गिलास दूध लें और उसमें 10 ग्राम अदरक को कूटकर मिला लें। दोनों चीजों को कुछ देर तक उबालें और उसे कुछ देर पकाने के बाद गुनगुना करके उसका सेवन करें। कुछ दिनों तक दूध में अदरक डालकर पिएं आपको छाती में जमा बलगम और खांसी से निजात मिलेगी।

गिलोय से करें कफ का इलाज

योग गुरु बाबा रामदेव के मुताबिक अगर आप गले के कफ और खांसी से परेशान हैं तो गिलोय का सेवन करें। गिलोय का काढ़ा पीने से सीने में जकड़न,खांसी,बलगम और बुखार से निजात मिलेगी। एंटीएलर्जिक गिलोय का सेवन खांसी और बलगम को दूर करने में जादुई असर करता है।

कफ से निजात पाने के लिए खजूर का कैसे करें सेवन

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक खजूर का सेवन छाती में जमा कफ और खांसी को दूर करने में रामबाण दवा है। कफ से निजात पाने के लिए आप 15-20 खजूर लें और उन्हें दूध में पका लें। दोनों चीजों को तब तक पकाएं जब तक वो गाढ़ा नहीं हो जाए। कुछ देर पकाने के बाद आप इस दूध का गुनगुना ही सेवन कर लें। ये दूध इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग करेगा और सर्दी खांसी से भी निजात दिलाएगा।