गुजरे सालों में गुड़ हमारी थाली का अहम हिस्सा हुआ करता था, लेकिन खराब डाइट और बिगड़ते लाइफस्टाइल ने गुड़ को हमारी थाली से महरूम कर दिया है। गुड़ अपरिष्कृत चीनी का एक रूप है जिसे गन्ने के रस या खजूर के रस से बनाया जाता है। गुड़ एक ऐसा मीठा फूड है जिसे चीनी की तुलना में सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। अक्सर घरों में गन्ने के गुड़ का सेवन किया जाता है। गन्ने का गुड़ सस्ता और हेल्दी ऑप्शन है। लेकिन आप जानते हैं कि गुड़ सिर्फ गन्ने का ही नहीं होता बल्कि इसे कई तरह से बनाया जाता है।
कुछ खास तरह के गुड़ का सेवन भारत में खासतौर पर किया जाता है। धर्मशिला नारायण सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, दिल्ली की सीनियर डायटीशियन पायल शर्मा ने बताया कि गुड़ का उत्पादन और उसके प्रकार अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग होते हैं। किसी भी तरह के गुड़ का सेवन सेहत के लिए उपयोगी है। आइए जानते हैं कि गर्मी में कौन-कौन से गुड़ का सेवन कर सकते हैं और उनके सेहत को कौन-कौन से फायदे होंगे।
गन्ने के गुड़ का करें सेवन
गन्ने का गुड़ सबसे आसानी से और सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला गुड़ है। इसे गन्ने के रस को जमने तक उबालकर बनाया जाता है। बाजार में ये गुड़ पाउडर और स्ट्रांग फूड के रूप में आसानी से मिल जाता है। गुड़ के रंग की बात करें तो ये गन्ने की गुणवत्ता और प्रसंस्करण विधि के आधार पर सुनहरे भूरे से लेकर गहरे भूरे रंग तक का होता है। गन्ने का गुड़ आयरन, पोटेशियम और कैल्शियम से भरपूर होता है जो बॉडी के लिए उपयोगी है।
इसमें बॉडी के लिए जरूरी खनिज भी मौजूद होते हैं जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। गुड़ का सेवन करने से हड्डियां मजबूत होती हैं और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है। गर्मी में बॉडी में इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बनाए रखने में ये बेहद असरदार साबित होता है।
खजूर का गुड़
खजूर का गुड़ दूसरा ऐसा गुड़ है जो सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। इस गुड़ को खजूर से बनाया जाता है। इस गुड़ को बनाने के लिए खजूर की बढ़िया किस्म का इस्तेमाल किया जाता है। खजूर पोषक तत्वों का खजाना है जो बॉडी को एनर्जी देती है, बॉडी को हेल्दी रखती है और इम्युनिटी को भी स्ट्रांग करती है। इस गुड़ में एक विशिष्ट स्वाद और सुगंध होती है। ये गुड़ महंगा होता है और इसके फायदे गन्ने के गुड़ से कई गुना ज्यादा होते हैं।
आप गर्मी में बॉडी को हेल्दी रखने के लिए खजूर के गुड़ का इस्तेमाल कर सकते हैं। खजूर का गुड़ आयरन और कैल्शियम से भरपूर होता है जो हड्डियों को मजबूत बनाता है। बॉडी में आयरन की कमी को पूरा करने में ये गुड़ असरदार है। इसमें नेचुरल शुगर के साथ-साथ पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज भी शामिल होते हैं जो बॉडी को हेल्दी रखते हैं।
नारियल का गुड़
नारियल के ताड़ के पेड़ों के रस से बना गुड़ नारियल का गुड़ कहलाता है। इस प्रकार का गुड़ केरल और तमिलनाडु जैसे तटीय क्षेत्रों में ज्यादा मिलता है। इसका स्वाद अनोखा होता है जिसका इस्तेमाल मिठाइयों और व्यंजनों में किया जाता है। नारियल के गुड़ में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें विटामिन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और जिंक जैसे खनिज भरपूर होते हैं जो बॉडी को हेल्दी रखते हैं।
इस गुड़ का सेवन करने से बॉडी को भरपूर एनर्जी मिलती है और इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बना रहता है। ये गुड़ मौसमी बीमारियों जैसे खांसी-जुखाम से निजात दिलाता है। इसका सेवन करने से ब्लड-प्रेशर कंट्रोल रहता है। इसमें सोडियम, आयरन और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करते हैं।