जिस तरह हम अपनी पसंद और बॉडी की जरूरत के मुताबिक खाते हैं उसी तरह हमारी बॉडी भी अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए संवेदनशील होती है। बायोहाकर टिम ग्रे के विश्लेषण पर विश्वास किया जाए तो पॉलिएस्टर के कपड़े महिलाओं और पुरुषों में इंफर्टिलिटी को बढ़ाते हैं। पॉलिएस्टर के कपड़े पॉलीइथाइलीन टेरेफ्थेलेट (पीईटी) जो कोयले,तेल और पानी के संयोजन से बने होते हैं।

ये एक सिंथेटिक या मानव निर्मित फाइबर सामग्री है जो महिलाओं और पुरुषों के लिए घातक है। यह पुरुषों और महिलाओं दोनों में गंभीर प्रजनन समस्याएं पैदा कर सकती है। ग्रे ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया है जिसमें बताया है कि गर्भपात,बांझपन और नपुंसकता सभी का लिंक पॉलिएस्टर कपड़ों से जोड़ा गया है।

पॉलिएस्टर अंडरवियर कैसे फर्टिलिटी को प्रभावित करता है रिसर्च में हुआ खुलासा:

पॉलिएस्टर अंडरवियर पहनने से स्किन को सांस लेने में दिक्कत होती है और प्रजनन क्रिया भी प्रभावित होती है। ग्रे ने 1992 के एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (NIH)के अध्ययन का हवाला देते हुए कहा है कि पॉलिएस्टर वास्तव में पुरुषों के लिए 100 प्रतिशत गर्भनिरोधक के रूप में कार्य कर सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक ये अध्ययन एक साल तक 14 पुरुषों पर किया था जिसमें पाया कि फर्टाइल पुरुष पॉलिएस्टर स्लिंग पहनकर एजुस्पर्मिक (स्पर्म का नहीं बनना)बन गए थे।

पॉलिएस्टर अंडरवियर पुरुषों में गर्भनिरोधक का एक सुरक्षित, प्रतिवर्ती,स्वीकार्य और सस्ता तरीका है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि पॉलिएस्टर का अंडरवियर पुरुषों पर कैसे गर्भनिरोधक का काम करता है और महिलाओं की फर्टिलिटी को कैसे कम करता है।

पॉलिएस्टर में मौजूद रसायन टेस्टोस्टेरोन उत्पादन को करते हैं बाधित:

शारदा हॉस्पिटल के एमडी (इंटरनल मेडिसिन) डॉ श्रेय श्रीवास्तव ने पॉलिएस्टर को “एंडोक्राइन-बाधित” बताते हुए कहा कि पॉलिएस्टर में मौजूद रसायन टेस्टोस्टेरोन उत्पादन को बाधित करते हैं। अध्ययन के अनुसार पॉलिएस्टर द्वारा उत्पन्न इलेक्ट्रोस्टैटिक चार्ज शुक्राणुओं की संख्या में महत्वपूर्ण गिरावट के लिए जिम्मेदार हैं। शोधकर्ताओं ने 24 कुत्तों पर एक अध्ययन किया जिसमें आधे कुत्तों को पॉलिएस्टर शॉर्ट्स पहनाएं और आधे कुत्तों को नहीं पहनाया।

अध्ययन में पाया गया कि जिन कुत्तों को 24 महीने तक पॉलिएस्टर पहनाया उन कुत्तों में एज़ोस्पर्मिया था। एज़ोस्पर्मिया एक ऐसी स्थिति है जिसमें स्पर्म में शुक्राणु नहीं थे। मिश्का आईवीएफ सेंटर की सलाहकार स्त्री रोग विशेषज्ञ,इंफर्टिलिटी विशेषज्ञ और कॉस्मेटिक स्त्री रोग विशेषज्ञ,डॉ रुचि भंडारी ने बताया है कि स्पर्म पैदा करने वाली शुक्रजनक ग्रंथि (seminiferous gland) में परिवर्तन भी देखे गए थे।

पॉलिएस्टर का अंडरवियर अनिद्रा, किडनी और स्किन रोग का बना सकता है शिकार:

एक्सपर्ट के मुताबिक इस तरह की सामग्री से तैयार अंडरवियर पहनने से अनिद्रा, किडनी और स्किन रोग होने का खतरा अधिर रहता है। एक्सपर्ट के मुताबिक पॉलिएस्टर हर जगह उपलब्ध सबसे लोकप्रिय सिंथेटिक सामग्रियों में से एक है। रिसर्च के मुताबिक पॉलिएस्टर का इस्तेमाल आपकी स्किन से लेकर इंफर्टिलिटी तक पर असर डालता है।

जब आप पॉलिएस्टर का अंडरवियर पहनते हैं तो पसीना आता हैं जो एंटीमनी ऑक्साइड छोड़ता है। ये रसायन जो पसीने में आंशिक रूप से घुल जाता है और फिर त्वचा द्वारा अवशोषित हो जाता है। एंटीमनी एक ज्ञात कार्सिनोजेन है जो लीवर, हृदय,किडनी और त्वचा की बीमारियों का कारण बन सकता है।