Breast cancer prevention foods: कैंसर एक ऐसी गंभीर बीमारी है, जो समय पर पकड़ी न जाए तो जानलेवा साबित हो सकती है। खासतौर पर ब्रेस्ट कैंसर आजकल महिलाओं में तेजी से बढ़ती बीमारी बन चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर तब होता है जब स्तन की कोशिकाएं असामान्य रूप से बढ़ने लगती हैं और ट्यूमर बना लेती हैं। अगर समय रहते इलाज न हो, तो यह शरीर के दूसरे हिस्सों में भी फैल सकता है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2022 में दुनियाभर में करीब 6.7 लाख महिलाओं की मौत ब्रेस्ट कैंसर की वजह से हुई। भारत में भी स्थिति चिंताजनक है। NCDIR-India (2024) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में हर 28 में से 1 महिला को ब्रेस्ट कैंसर का खतरा है। ऐसे में जागरूकता के साथ-साथ सही लाइफस्टाइल और डाइट बेहद जरूरी हो जाती है। न्यूट्रिशनिस्ट और वेट लॉस स्पेशलिस्ट लीमा महाजन के मुताबिक, कुछ खास फूड्स को रोजमर्रा की डाइट में शामिल कर ब्रेस्ट कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अनार

अनार को सुपरफूड माना जाता है। इसमें मौजूद एलगिटैनिन्स नामक तत्व कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को रोकने में मदद करते हैं। साथ ही यह एस्ट्रोजन से जुड़े ट्यूमर के खतरे को भी कम करता है। न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, अगर महिलाएं रोजाना 1 कप ताजा अनार खाती हैं, तो ब्रेस्ट कैंसर से बचाव में मदद मिल सकती है।

क्रूसिफेरस सब्जियां

ब्रोकली, फूलगोभी, पत्ता गोभी और बंद गोभी जैसी क्रूसिफेरस सब्जियां सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। इनमें सल्फोराफेन पाया जाता है, जो शरीर से हानिकारक एस्ट्रोजन को बाहर निकालने में मदद करता है। यह ट्यूमर की ग्रोथ को धीमा करता है। हफ्ते में 3–4 बार इन सब्जियों को हल्का पकाकर या सलाद के रूप में खाना फायदेमंद माना जाता है।

सोया और दाल

ब्रेस्ट कैंसर का सीधा संबंध हार्मोन से होता है। सोया और दालों में पाए जाने वाले आइसोफ्लेवोंस प्राकृतिक रूप से हार्मोन को संतुलित करने में मदद करते हैं। ये ब्रेस्ट कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को रोक सकते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट के अनुसार, हफ्ते में 2–3 बार सोयाबीन, टोफू, सोया मिल्क या दाल का सेवन करने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा करीब 30% तक कम हो सकता है।

आंवला और अमरूद

आंवला और अमरूद विटामिन C के बेहतरीन स्रोत हैं। विटामिन C एक ताकतवर एंटीऑक्सीडेंट है, जो डीएनए डैमेज और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से शरीर को बचाता है। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और कैंसर से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है। रोजाना एक विटामिन C से भरपूर फल खाना महिलाओं के लिए फायदेमंद माना जाता है।

अलसी के बीज

अलसी के बीज ब्रेस्ट कैंसर से बचाव में बेहद असरदार माने जाते हैं। इनमें मौजूद लिग्नान्स एस्ट्रोजन हार्मोन को नियंत्रित करते हैं और कैंसर कोशिकाओं की ग्रोथ को रोकने में मदद करते हैं। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, रोजाना 1 बड़ा चम्मच पिसी हुई अलसी को दही, स्मूदी या गुनगुने पानी के साथ लेना फायदेमंद होता है।

निष्कर्ष

ब्रेस्ट कैंसर का खतरा जरूर बढ़ रहा है, लेकिन सही समय पर जागरूकता और सही खानपान से इसे काफी हद तक रोका जा सकता है। अनार, हरी सब्जियां, सोया, विटामिन C से भरपूर फल और अलसी जैसे फूड्स को डाइट में शामिल कर महिलाएं अपने शरीर को अंदर से मजबूत बना सकती हैं।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

अंकुरित अनाज पोषण का खजाना हैं और सर्दियों में पाचन सुधारने का आसान प्राकृतिक तरीका भी। बस जरूरी है कि इन्हें सही मात्रा और सही तरीके से खाया जाए। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।