Blood Sugar Control करने के लिए आपको कई चीजों को अपनी लाइफस्टाइल से हटाना पड़ता है। क्योंकि ब्लड शुगर का कोई पक्का इलाज नहीं है, लेकिन इसे परहेज करके कंट्रोल जरूर किया जा सकता है। कई बार देखा जाता है कि ऐसे परहेज करना मरीजों के लिए काफी मुश्किल हो जाते हैं। आमतौर पर माना जाता है कि ब्लड शुगर के मरीजों को मीठे पदार्थों का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए।

डॉक्टर बी.के रॉय अपने वीडियो में कुछ ऐसे ही महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हैं। रॉय बताते हैं, ‘कई मरीजों में देखा जाता है कि वो मीठा छोड़ने के लिए बिल्कुल तैयार नहीं होते हैं। इसके पीछे उनका तर्क होता है कि मीठे का सेवन करने से हमारा शरीर एक्टिव रहता है। दरअसल ये एक तरह का नशा ही होता है, जिसकी शरीर को आदत पड़ चुकी है। अगर आप मीठा खाना भी चाहते हैं तो आपको हद से ज्यादा तो बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। क्योंकि ज्यादा मीठा खाने से ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है।’

कैसे करें उपाय? बी.के रॉय कहते हैं, ‘मेरे पास एक मरीज आया और उनका कहना था कि वो रात को खाने के बाद बर्फी जरूर खाते हैं। इसके बाद वह रात में सोने से पहले एक गिलास मीठा दूध भी पीते हैं। देखिए, शरीर का वजन जितना कम होता है, उतना ही कम आपके लीवर पर फैट होगा। इसलिए कोशिश ये करें कि अपने वजन को नियंत्रित रखे, लेकिन रात में दूध पीने से तो ऐसा संभव नहीं है। आपको उस मीठे दूध को छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन उसे रात में पीने की जगह दिन में 2 हिस्सों में पीना शुरू कर दें। इसके दो फायदे होंगे। एक- आपका वजन नहीं बढ़ेगा और दूसरा- शुगर भी कंट्रोल रहेगी।’

कैसे होगा फायदा? डॉक्टर रॉय आगे बताते हैं, ‘अगर आपके शरीर में इन्सुलिन की मात्रा ज्यादा बनती है तो शुगर कंट्रोल रहती है, लेकिन हम इसका दूसरे तरीके से भी उपाय कर सकते हैं। आप रोज़ाना वर्कआउट करना शुरू कर दें। एक तो इससे आपके शरीर के हर पार्ट तक खून बिल्कुल सही तरीके से पहुंचेगा और दूसरा इससे आपका वजन नियंत्रित होगा। अगर आपके शरीर पर फैट कम हो जाए तो कम इन्सुलिन भी पूरा काम करता है।’

आयुर्वेदिक डॉक्टर प्रताप चौहान ने भी ऐसे कुछ उपायों के बारे में बताया था, ‘ब्लड शुगर कंट्रोल करने के लिए आप नीम के पत्तों, Aloe Vera या करेले का सेवन खाली पेट कर सकते हैं। करेले का सूप या जूस भी बहुत फायादा करता है। इसलिए इसे रोज़ाना पीने से शुगर का स्तर काफी हद तक कंट्रोल हो जाता है। अगर आपको मीठा खाना अच्छा लगता है तो आप फल ले सकते हैं, लेकिन चीनी या शक्कर से बिल्कुल दूर होना होगा।’