बदलते मौसम के साथ खानपान और लाइफस्टाइल में भी बदलाव होता है। गर्मियों में डाइजेशन से जुड़ी समस्याएं जैसे गैस, एसिडिटी, कब्ज, ब्लोटिंग और फूड पॉइजनिंग आम हो जाती हैं। इसलिए इस मौसम में हल्का, हाइड्रेटिंग और फाइबर से भरपूर भोजन करना जरूरी है, ताकि गट हेल्थ सही बनी रहे और पाचन तंत्र मजबूत रहे। मुंबई के सैफी हॉस्पिटल में मुख्य आहार विशेषज्ञ, तेहसीन सिद्दीकी ने बताया कि गर्मियों के मौसम में स्वास्थ्य के लिए क्या खाना चाहिए और किन चीजों से दूरी बनानी चाहिए।

गर्मियों में आंतों की हेल्थ क्यों जरूरी है?

डायटीशियन तेहसीन सिद्दीकी ने बताया कि गर्मी के मौसम में हमारे शरीर को खास देखभाल की जरूरत होती है। इस दौरान सही खानपान अपनाना जरूरी है, ताकि स्वास्थ्य अच्छा बना रहे। उन्होंने बताया कि ऐसे में आंतों को स्वस्थ बनाए रखना बेहद अहम होता है, क्योंकि यह न केवल पाचन बल्कि इम्यूनिटी और हाइड्रेशन में भी मदद करता है।

हाइड्रेशन

गर्मी में अधिक पसीना आने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे आंत का संतुलन बिगड़ सकता है। सही हाइड्रेशन जरूरी पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद करता है। गर्मियों के मौसम में अधिक पानी पीना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।

इम्यूनिटी

गर्मियों में ट्रेवल और सामाजिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिससे ज्यादा बैक्टीरिया और वायरस के संपर्क में आने की संभावना रहती है। स्वस्थ आंत इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाती है।

पाचन

गर्मी के मौसम में खानपान और आदतों में बदलाव से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। गर्मियों के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना पड़ता है, जिससे आंतों की हेल्थ भी अच्छी बनी रहे।

गर्मियों में क्या खाएं-क्या नहीं?

गर्मी में अधिक पसीना आने से शरीर को ज्यादा तरल पदार्थ की जरूरत होती है। नारियल पानी जैसे इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थ शरीर को फिर से हाइड्रेट करने में मदद करते हैं। गर्मियों के मौसम में तरबूज, खीरा, पत्तेदार सब्जियां जैसी जल-समृद्ध चीजें पानी के साथ-साथ जरूरी विटामिन और मिनरल भी देती हैं। इसके अलावा अदरक और पुदीने की हर्बल चाय पाचन में सहायक होती है और पेट को ठंडा रखती है।

आंत के लिए फायदेमंद भोजन

  • प्रोबायोटिक्स- दही और केफिर जैसे फूड्स पाचन में सहायक होते हैं। सॉरक्रॉट और किमची जैसे फर्मेंटेड फूड्स भी फायदेमंद हो सकते हैं।
  • प्रीबायोटिक फाइबर- प्याज, लहसुन और केला जैसे खाद्य पदार्थ आंत में अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देते हैं, जिससे पाचन तंत्र मजबूत होता है।

मौसमी फल और सब्जियां खाएं

गर्मियों में मिलने वाले ताजे फलों और सब्जियों का अधिक से अधिक सेवन करें। रंग-बिरंगे फल और सब्जियां पोषक तत्वों और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं, जो शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा कच्चे सलाद और हल्की पकी हुई सब्जियां शरीर को जरूरी फाइबर और मिनरल्स देते हैं, जिससे पाचन आसान रहता है।

गर्मियों में किन बातों का रखें ध्यान

  • हर व्यक्ति का पाचन तंत्र अलग होता है, इसलिए जो भोजन आपको सूट न करे उसे नहीं खाएं।
  • बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन से बचें, क्योंकि यह गर्मी में पेट की जलन बढ़ा सकता है।
  • मीठे और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स कम पिएं, क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं और आंत के बैक्टीरिया संतुलन को बिगाड़ सकते हैं।
  • शरीर की जरूरतों को समझें और उसी के अनुसार खानपान करें।

वहीं, जर्नल ऑफ अफेक्टिव डिसऑर्डर्स में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, खराब लाइफस्टाइल के कारण तनाव होता है और इससे मेंटल हेल्थ पर असर पड़ता है।