सुबह उठते ही पेट में प्रेशर बनना और पेट का साफ होना अच्छी सेहत की निशानी है। देश और दुनियां में करोड़ों ऐसे लोग है जो पेट की समस्याओं से जूझ रहे हैं। पेट साफ नहीं होना या फिर कब्ज होना ऐसी परेशानी है जिसकी वजह से सेहत तो खराब होती ही है, साथ ही मूड भी खराब रहता है। पेट साफ नहीं होने पर बॉडी में सुस्ती और थकान बनी रहती है। कुदरत ने हमारी बॉडी को कुछ इस तरह बनाया है कि हम जो भी आज खाते हैं अगली सुबह वो पच कर मल के रूप में हमारी बॉडी से बाहर निकल जाता है। बॉडी की ये प्रक्रिया अगर ठीक तरीके से चलती है तो हमारी बॉडी हेल्दी रहती है।
खराब डाइट और बिगड़ता लाइफस्टाइल सारी बीमारियों की जड़ बनता जा रहा है। कब्ज भी एक ऐसी परेशानी है जो डाइट में फाइबर की कमी,पानी की कमी और तनाव की वजह से पनपती है। हमारी डाइट इतनी खराब हो गई है कि हमारी बॉडी से खाने का बचा हुआ पार्ट बॉडी से बाहर नहीं निकल पाता और आंतों में सड़ता रहता है। आंतों में जमा ये गंदगी आंतों में खतरनाक बैक्टीरिया और टॉक्सिन पैदा करती है, जो धीरे-धीरे पूरी बॉडी में फैलने लगते हैं। पेट अगर रोजाना सही समय पर साफ नहीं हो तो पाइल्स,फिशर और फिस्टुला जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
आयुर्वेदिक और युनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक पेट साफ नहीं होने का असर स्किन और पाचन को भी प्रभावित करता है। पेट और आंतों की सफाई करना चाहते हैं तो कुछ खास हर्ब्स का सेवन करें। कुछ हर्ब्स का सेवन करके आप पेट और आंतों की गंदगी को दूर कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन से ऐसे हर्ब्स हैं जो पेट की गंदगी को साफ कर सकते हैं।
त्रिफला चूर्ण खाएं आंतों में जमा मल बाहर निकलेगा
त्रिफला एक आयुर्वेदिक रासायनिक फ़ार्मुला है जो तीन चीजों से मिलकर बना है। अमलकी,बिभीतक और हरितकी का मिश्रण हैं त्रिफला। ये हमारी आंतों में जमा गंदगी को साफ करता है। 2012 में की गई एक रिसर्च के मुताबिक त्रिफला जड़ी बूटी आंतों की गंदगी को साफ करने में बेहद असरदार साबित होती है। त्रिफला का सेवन आप रात को सोने से पहले एक चम्मच त्रिफला चूर्ण को हल्के गुनगुने पानी के साथ करें, आपका पेट साफ होगा और पेट में जमा गंदगी दूर होगी। त्रिफला का सेवन कब्ज से निजात दिलाएगा।
मुलेठी खाएं पाचन दुरुस्त रहेगा
मुलेठी का सेवन पाचन को दुरुस्त करने में बेहद असरदार साबित होता है। मुलेठी एक ऐसी आयुर्वेदिक जड़ी बूटी है जो पेट की गंदगी को बाहर निकालती है और आंतों को साफ करती है। मुलेठी का सेवन गुनगुने पानी के साथ करें आपको फायदा होगा।
अंजीर से करें आंतों और पेट की सफाई
अंजीर एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसका सेवन पेट और आंतों की सफाई करने में किया जा सकता है। फाइबर से भरपूर अंजीर का सेवन बाउल मूवमेंट को दुरुस्त रखता है। अंजीर का सेवन आप सुखा भी कर सकते हैं और भिगोकर भी कर सकते हैं। आयुर्वेद के मुताबिक अंजीर को रात में पानी में भिगो दें और सुबह उसका सेवन करें। आप चाहें तो अंजीर को दूध में पकाकर भी उसका सेवन कर सकते हैं। अंजीर का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहेगा और पेट में जमा गंदगी भी साफ रहेगी।