गुड़ सदियों से हमारी थाली का अहम हिस्सा रहा है। गुड़ का उपयोग प्राचीन काल से भारतीय खाना पकाने में किया जाता रहा है। कच्चे गन्ने के रस को उबालकर बनाया गया गुड़ परिष्कृत चीनी की तुलना में पोषण से भरपूर होता है। इसका सेवन करने से कई हेल्थ प्रॉब्लम्स दूर होती हैं। सर एच.एन.रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल, मुंबई में क्लिनिकल डायटिशन डॉ. वेदिका प्रेमानी ने बताया कि गर्मी के दौरान गुड़ का सेवन फ़ायदेमंद होता है। एक्सपर्ट के मुताबिक सीमित मात्रा में इसका सेवन किया जाए तो सेहत को बेहद फ़ायदे होते हैं।
गुड़ में कुछ मात्रा में इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे पोटैशियम, मैग्नीशियम और सोडियम होते हैं, जो शरीर के तरल पदार्थ के संतुलन को बनाए रखने और बॉडी को डीहाइड्रेशन से बचाने में असरदार हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि गर्मी में चीनी की तुलना में गुड़ का सेवन सेहत पर कैसा असर करता है।
गर्मी में गुड़ सेहत के लिए कैसे फायदेमंद है?
एक्सपर्ट के मुताबिक़ रिफ़ाइंड शुगर की जगह गुड़ का उपयोग करना सेहत के लिए उपयोगी है, क्योंकि इसमें आयरन और कैल्शियम जैसे खनिज थोड़ी मात्रा में मौजूद होते हैं। हड्डियों की हेल्थ को बनाए रखने के लिए और एनर्जी मेटाबोलाइज़ को सुविधाजनक बनाने के लिए शरीर को इन खनिजों की आवश्यकता होती है।
आयुर्वेद के अनुसार इसका सेवन गर्मी में करने से शरीर को ठंडा रखने में मदद मिलती है। इसे गर्मी से संबंधित बीमारियों जैसे हीटस्ट्रोक और घमौरियों को कम करने के लिए विशेष रूप से फायदेमंद माना जाता है। गुड़ का सेवन पसीने को प्रभावित करता है,जो शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में मदद करता है और बदले में गर्म मौसम में खुद को ठंडा रखने में मदद करता है। इस सुपरफूड का सेवन खाने में मीठे की क्रेविंग को कंट्रोल करता है। गुड़ के बहुत सारे व्यंजन हैं जिन्हें आप इस गर्मी में आसानी से घर पर बना सकते हैं जो आप की बॉडी को अंदर से ठंडा रखते हैं।
पनाकम गर्मी का खास ड्रिंक
पनाकम दक्षिण भारतीय ड्रिंक है जिसे गुड़, पानी, अदरक, नींबू का रस और इलायची को मिलाकर बनाया जाता है। यह ड्रिंक अपने शीतलन गुणों के लिए जाना जाता है और अक्सर त्योहारों के दौरान या गर्मियों में बॉडी को ठंडा रखने के लिए इस ड्रिंक का सेवन किया जाता है।
नोलेन गुड़ आइसक्रीम
पश्चिम बंगाल से शुरू होने वाली नोलेन गुड़ आइसक्रीम दूध, क्रीम और एक चुटकी नमक के साथ नोलेन गुड़ को मिलाकर बनाई जाती है। इसे बनाकर इसे फ्रिज में रखकर टाइट किया जाता है। इस गुड़ की आइसक्रीम गर्मी में शरीर को तुरंत आराम पहुंचाती है।
तिल के लड्डू
हममें से ज्यादातर लोगों को तिल के लड्डू अच्छे लगते हैं। तिल के लड्डू पूजा और त्योहारों के दौरान खाई जाने वाली एक आम मिठाई है। यह मिठाई तिल के बीज और गुड़ के साथ बनाई जाती है। तिल के लड्डू का सीमित सेवन गर्मी में बॉडी को फायदा पहुंचाता है।