एनीमिया यानी खून की कमी एक ऐसी समस्या है जिससे अक्सर लोगों को दो-चार होना पड़ता है। खासकर महिलाओं में ये परेशानी अधिक देखने को मिलती है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 15 से 49 वर्ष की आयु की करीब 53.1 फीसदी महिलाएं खून की कमी का शिकार हैं। इनमें भी खासतौर पर गर्भवती महिलाओं में खून की कमी ज्यादा देखी गई है। बॉडी में हीमोग्लोबिन का लेवल कम होने से यह डिजीज हो जाती है। वहीं, इस कमी पर अगर सही समय पर ध्यान ना दिया जाए, तो आगे चलकर ये गंभीर समस्याओं का कारण भी बन जाती है।
ऐसे में सवाल उठता है कि आपके शरीर में पर्याप्त मात्रा में लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण हो रहा है या नहीं, इसका अंदाजा कैसे लगाया जाए? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको शरीर में खून की कमी होने पर दिखाई देने वाले कुछ आम लक्षणों के बारे में बता रहे हैं। इन लक्षणों को पहचानकर आप समय रहते सही इलाज के साथ भविष्य में होने वाली गंभीर परेशानियों से निजात पा सकते हैं।
इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज
अधिक कमजोरी महसूस होना
अगर आपको रोजमर्रा के काम करने पर अधिक थकान का सामना करना पड़ता है, हर समय कमजोरी और सुस्ती आपके शरीर को घेरे रखती है, साथ ही समय-समय सिर में तेज दर्द आपको परेशान करता है, तो ये शरीर में खून की कमी होने की ओर इशारा हो सकता है। दरअसल, हीमोग्लोबिन का लेवल कम होने से शरीर का कामकाज बुरी तरह प्रभावित होता है, जिससे आपको छोटे-मोटे काम करने पर भी अधिक कमजोरी जैसा महसूस होने लगता है।
निचली पलक पर दें ध्यान
अगर आपकी निचली आइए वॉटरलाइन का रंग पीला पड़ने लगा है, तो ये भी शरीर में खून की कमी का एक अहम लक्षण है। आमतौर पर आइए वॉटरलाइन का रंग हल्का गुलाबी दिखाई देता है, लेकिन शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी होने पर आपकी आंतरिक पलक अधिक सफेद या पीली नजर आ सकती है।
हाथ-पैर ठंडे रहना
समय-समय पर हाथ-पैरों का ठंडा पड़ जाना या बिना वजह अधिक ठंड महसूस होना भी खून की कमी का एक लक्षण हो सकता है। दरअसल, जब रेड ब्लड सेल्स टिश्यू को ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती है, तो शरीर का तापमान गिरने लगता है। इसकी वजह से आपको ठंड का अहसास अधिक होता है।
सांस लेने में तकलीफ होना
खून की कमी होने पर शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई सही ढंग से नहीं हो पाती है। ऐसे में आपको सांस लेने में तकलीफ होना, थोड़ा सा भी चलने पर सांस फूल जाना, यहां तक की सोते समय भी सांस लेने में अधिक जोर लगाने की जरूरत महसूस होना जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। अगर आप भी इस स्थिति से जूझ रहे हैं, तो समय रहते अपनी जांच जरूर करा लें।
भूख न लगना
इन सब के अलावा लंबे समय तक भूख ना लगना भी शरीर में खून की कमी का एक मुख्य लक्षण हो सकता है। ऐसे में समय रहते डॉक्टर से मिलकर खून की जांच करवाना जरूरी हो जाता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।