बढ़ता वजन लोगों के लिए सबसे बड़ी परेशान है। बढ़ते वजन को कंट्रोल करने के लिए लोग घंटों जिम में जाते हैं,पसीना बहाते हैं और कई तरह के घरेलू नुस्खों को अपनाते हैं। कुछ लोग वजन कम करने के लिए करी पत्ता का सेवन करने पर जोर देते हैं। हालांकि हम सभी जानते हैं कि करी पत्ता औषधीय गुणों से भरपूर होता है जिससे डायबिटीज और कई तरह की बीमारियों का उपचार किया जा सकता है। करी पत्ता की तेज़ सुगंध खाने का स्वाद बढ़ाती है जिसका सेवन लोग तरह-तरह के व्यंजन बनाने में करते हैं।
कुछ लोग सुबह-शाम, उठते-बैठते करी पत्ता का सेवन इसलिए करते हैं कि उसे खाने से उनका वजन कंट्रोल रहेगा। क्या करी पत्ता सच में फैट को बर्न करने में असरदार साबित होता है? अगर आप हर दिन करी पत्ते का सेवन करते हैं तो आपके शरीर पर उसका असर कैसा होगा? आइए जानते हैं कि करी पत्ता का सेवन कैसे फैट को बर्न करता है।
करी पत्ता कैसे फैट को बर्न करता है
द योगा इंस्टीट्यूट की निदेशक जानी मानी हेल्थ एक्सपर्ट हंसाजी योगेन्द्र ने कहा कि करी पत्ता का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और तेजी से फैट बर्न होता है। करी पत्ते में मौजूद कार्बाज़ोल एल्कलॉइड में एंटी ओबेसिटी गुण मौजूद होते हैं। करी पत्ता का सेवन अगर रोज किया जाए तो पाचन में सुधार होता है और दिल के रोगों का खतरा कम होता है। कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में करी पत्ता जादुई असर करता है।
करी पत्ते को डाइट में कैसे शामिल करें
चबाकर खाएं
पोषक तत्वों से भरपूर करी पत्ता का सेवन वजन कम करने के लिए आप सीधे चबाकर कर सकते हैं। सुबह खाली पेट करी पत्ता को चबाएं। इसका सेवन करने से पोषक तत्वों का अवशोषण तेजी से होता है और आपके शरीर का मेटाबॉलिज्म शुरू हो जाता है।
खाने के साथ करें करी पत्ते का सेवन
खाना पकाने में आप करी पत्ता का सेवन कर सकते हैं। दाल,सब्जी,सूप,पुलाओ,चावल और कई तरह के खाने में आप करी पत्ता का सेवन कर सकते हैं।
करी पत्ते की चाय पिएं
आप करी पत्ता का सेवन उसकी चाय बनाकर भी कर सकते हैं। वजन घटाने के लिए आप मुट्ठी भर करी पत्ता लें और उन्हें पानी में उबाले और उसका सुबह और शाम सेवन करें आपको फायदा होगा।
करी पत्ता के पोषक तत्व
करी पत्ता का सेवन करने से न सिर्फ वजन कंट्रोल रहता है बल्कि बॉडी में पोषक तत्वों की कमी भी पूरी होती है। करी पत्ता में कैल्शियम, फास्फोरस, आयरन,विटामिन ए,विटामिन बी, विटामिन- सी और विटामिन-ई मौजूद होता है। ये पत्तियां एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर होती है जो शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन को कम कर करती हैं।