अक्सर देखा गया है कि रात का खाना खाने के बाद पाचन से जुड़ी समस्याएं ज्यादा होती है। दिन का खाना अक्सर हम लोग 1 से 2 बजे के आस-पास खा लेते हैं और फिर अपने काम में लग जाते हैं, लेकिन रात को खाने के बाद हम सीधे बिस्तर पर जाते हैं। ज्यादातर लोग रात का खाना देरी से खाते हैं, खाने में ज्यादा मसालेदार, तैलीय या मीठे फूड्स का सेवन करते हैं जो देर से पचते हैं और पेट में गैस और भारीपन पैदा करते हैं।
रात के खाने के बाद पेट भारी होने के लिए कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं जैसे देर से खाना खाना, ओवरईटिंग, कमज़ोर डाइजेशन, खाने के तुरंत बाद लेट जाना और शरीर की बायोलॉजिकल घड़ी भी खराब पाचन का कारण बनती है। रात को पाचन की गति धीमी हो जाती है, इसलिए खाना देर से खाने पर परेशानी आधी रात तक और बढ़ जाती है। अक्सर कहा जाता है कि रात का खाना हल्का और सोने से कम से कम 2–3 घंटे पहले खा लेना चाहिए।
अगर आप भी पाचन से जुड़ी परेशानियों जैसे पेट की गैस, एसिडिटी, ब्लोटिंग और कब्ज से जूझ रहे हैं तो आप डाइट कंट्रोल करें और बॉडी को एक्टिव रखें। अगर आप रात के खाने के बाद पाचन से जुड़ी दिक्कतों से दो चार होते हैं तो आप कुछ योगासन कीजिए। कुछ योगासन करने से खाया पिया तुरंत पच जाता है और पाचन भी दुरुस्त रहता है। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट और योग गुरु ने बताया खाने के बाद 3 योगासन करने से आपकी पाचन क्रिया दुरुस्त रहती है। बाबा रामदेव ने बताया कपालभाति को छोड़कर बाकी आसन खाने के बाद किए जा सकते हैं। आइए जानते हैं कि कौन से ऐसे योगासन हैं जो खाने के बाद करने से पाचन दुरुस्त रहता है।
रात के खाने के बाद करें वज्रासन
रात को खाना खाने के बाद अगर आप बॉडी को एक्टिव रखना चाहते हैं और खाए-पिए को हजम करना चाहते हैं तो आप वज्रासन कीजिए। वज्रासन एक योगासन है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। खाने के बाद वज्रासन में बैठने से पेट की गैस कंट्रोल रहती है और पेट साफ होता है। इसे करने से पाचन क्रिया बेहतर होती है। ये आसन पेट की गैस कंट्रोल करता है, पेट को साफ करता है, कब्ज का इलाज करता है, तनाव को कंट्रोल करता है और मन को शांत करता है।
वज्रासन को कैसे करें
सबसे पहले अपने घुटनों को मोड़कर घुटनों के बल बैठ जाएं। अपने दोनों हाथों को अपने घुटनों पर रखें। इसे करते समय कमर सीधी रखें और छाती को थोड़ा आगे की तरफ रखें। कुछ देर इसी मुद्रा में रहे। रोज इसे करने से आपको फायदा महसूस होगा।
खाने के बाद पवनमुक्तासन करो
अगर आपको रात का खाने के बाद पेट में गैस ज्यादा बनती है तो आप खाने के बाद पवनमुक्तासन करें। इस योगासन को करने से पेट की गैस कंट्रोल रहती है। ये योगासन आप बिस्तर पर लेटकर आराम से कर सकते हैं। सोने से पहले इस योगासन को कीजिए आपका पाचन दुरुस्त रहेगा। इसे करने से पेट और आंतों पर हल्का दबाव पड़ता है। इसे करने से गैस बाहर निकलती है और आंतों की गति तेज होती है।
पवनमुक्तासन कैसे करें
सबसे पहले पीठ के बल लेट जाएं। दोनों पैर सीधे रखें और हाथ शरीर के बगल में। अब धीरे-धीरे सांस छोड़ते हुए दाहिने पैर को मोड़कर घुटने को सीने से लगाएं।
दोनों हाथों की उंगलियां आपस में फंसाकर घुटने को पकड़ लें। सिर उठाकर ठुड्डी को घुटने से छूने की कोशिश करें। इस पोज़ में 15–20 सेकंड रुकें और नॉर्मल सांस लें। अब पैर सीधा कर लें और यही प्रक्रिया बाएं पैर से दोहराएं।
सुखासन से करें पाचन का इलाज
खाने के बाद सुखासन करें पाचन बेहतर होगा। इसे करने से मन और दिमाग शांत रहता है। इसे करने से तनाव और थकान कम होती है।
सुखासन कैसे करें
ज़मीन पर चटाई बिछाकर सीधा पालथी मारकर बैठ जाएं। पीठ सीधी रखें और कंधों को ढीला छोड़ें। हाथों को घुटनों पर रखें और आंखें बंद करें। लंबी गहरी सांस लें और धीरे-धीरे छोड़ें।
मीठा न खाने पर भी क्यों बढ़ जाता है Blood Sugar? डॉक्टर ने बताए शुगर स्पाइक के 7 कारण, आप भी अक्सर अपने ब्लड शुगर में स्पाइक महसूस करते हैं तो इस खबर से लीजिए पूरी जानकारी।