Health benefits of Adusa in winter: यह पत्ता सच में अमृत समान है। प्रकृति का इसे अनमोल वरदान कहें तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। इस पत्ते से आप सर्दी-जुकाम, कफ, खांसी, वायरल बुखार, कोढ़, टीवी, हाई ब्लड प्रेशर समेत कई बीमारियों का इलाज कर सकते हैं। इतने गुणकारी इस पौधे का नाम है अडूसा। अडूसा को कई नामों से जाना जाता है, इसे अडुस्, अरुस, बाकस, बिर्सोटा, रूसा, अरुशा अडूसा भी कहा जाता है। अडूसा सांस से संबंधित किसी भी तरह की दिक्कतों में रामबाण है। अडूसा को अंग्रेजी में मालबार नट (Malabar Nut)कहा जाता है। सर्दी में सदियों से इसके पत्ते का काढ़ा बनाकर पीया जाता है। आइए जानते हैं कि अडूसा के पत्ते के कौन-कौन से फायदे हैं।
अडूसा के पत्ते के फायदे
फेफड़े को साफ कर सांस की दिक्कत से मुक्ति देता है
वेबएमडी की खबर के मुताबिक अडूसा के पत्ते में एंटी-इंफ्लामेटरी गुण पाए जाते हैं। इसके साथ ही यह एंटी-सेप्टिक भी है, इसलिए यह लंग्स में पड़ी हर तरह की गंदगी को क्लीन आउट कर देते हैं। सांस से संबंधित अधिकांश दिक्कतों को अडूसा के पत्तों से दूर किया जा सकता है।
वेबएमडी के मुताबिक अडूसा के पत्तों में वेसिन नाम का तत्व पाया जाता है जो वेसिन श्वास नली को चौड़ा करता है। इतना ही नहीं, यह फेफड़े से लगने वाली श्वास नली में सूजन को कम करता है। इस तरह अडूसा के पत्ते का सेवन करने पर बंद नाक तुरंत खुल जाती है। अडूसा के पत्ते गले में खराश, अस्थमा , ब्रोंकाइटिस आदि परेशानियों से भी राहत दिलाता हैं।
सर्दी-जुकाम से छुटकारा दिलाता है
अडूसा के पत्ते का काढ़ा बनाकर पीने से सर्दी-जुकाम एक से दो दिनों के अंदर छूमंतर हो जाता है। अडूसा के पत्ते का सेवन बंद नाक को तुरंत खोलने में मदद करता है। अडूसा छाती में जकड़न को दूर करता है। अडूसा के पत्ते की चाय बनाकर भी इसका सेवन किया जा सकता है।
हाई बीपी को कंट्रोल करता है
अडूसा के पत्ते का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर से भी छुटकारा पाया जा सकता है। यह ब्लड प्रेशर को संतुलित करता है। अडूसा के पत्ते खून भी साफ करने में मददगार हैं। अडूसा के पत्ते में एंटी-फाइब्रिनलिटिक गुण पाए जाते हैं जो हार्ट ब्लॉकेज को आगे बढ़ने से रोकते हैं।
सिर दर्द से देते हैं छुटकारा
अडूसा के फूल से सिर दर्द में राहत मिलती है। अडूसा के फूल का इस्तेमाल गुड़ के साथ किया जा सकता है। इससे थकान और सिर दर्द दूर हो सकता है।
जोड़ों के दर्द का करता है उपचार
चूंकि अडूसा के पत्तों में एंटी-एंफ्लामेटरी गुण होते हैं इसलिए ये जोड़ों के दर्द से राहत दिलाते हैं। घुटनों का दर्द हो या सूजन, इसे कम करने के लिए अडूसा का सेवन फायदेमंद होता है। इतना ही नहीं यह आंख की सूजन को भी दूर करते हैं।