युवा शक्ति डेस्क
किसी कार्य को बेहतर तरीके से करने के लिए सभी को प्रतिदिन आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है। आत्मविश्वास के बारे में कहा जाता है कि यह बिल्कुल हमारे शरीर में मौजूद मांसपेशियों की तरह होता है। मांसपेशियों का जितना उपयोग होगा, वे उतनी ही मजबूत होंगी। ठीक उसी तरह आत्मविश्वास का भी जितना इस्तेमाल हम करेंगे, उसमें उतनी ही वृद्धि होगी। इतना ही नहीं, जिन लोगों में इसकी कमी होती है, सही कदम नहीं उठाने की वजह से उसमें लगातार कमी होती जाती है। अच्छी बात यह है कि आत्मविश्वास को कुछ आसान तरीकों से ही बढ़ाया जा सकता है। पेश हैं आत्मविश्वास में वृद्धि के छह तरीके…
1. छोटे लक्ष्य बनाएं और उन्हें रोज पूरा करें : किसी भी कार्य को पूरा करने पर आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होती है। इसके लिए सबसे पहले हर दिन के लिए लक्ष्य बनाएं और उन्हें पूरा करें। जैसे-जैसे प्रतिदिन के कार्य पूरे होते चले जाएंगे, आत्मविश्वास में धीरे-धीरे वृद्धि होती जाएगी। इसके साथ ही दिमाग में यह रखना भी जरूरी है कि यह धीमी प्रक्रिया और बड़े बदलाव एक रात में नहीं होते हैं।
2. नकारात्मकता से दूर रहें : सबसे पहले अपने परिजनों और मित्रों का आकलन करें और यह खोजने की कोशिश करें कि आपके आत्मविश्वास को कौन कम कर रहा है। ऐसे परिजन या मित्र की पहचान करने के बाद उसके सामने सकारात्मकता दिखाएं। इसके अलावा ऐसे लोगों का साथ बढ़ाएं जो आपको बेहतर महसूस करता हैं। साथ ही अपने जीवन की समस्याओं से अधिक उनको हल पर ध्यान दें।
3. लोगों को अहसास कराएं कि आपको कमतर न आंकें : यदि आपके जीवन में कोई आपको कमतर दिखाने की कोशिश कर रहा है तो सबसे पहले उस व्यक्ति को यह अहसास करा दें कि अब ऐसा नहीं चलेगा। इस संबंध में आप उस व्यक्ति से बात भी कर सकते हैं और बता सकते हैं कि उसका व्यवहार उन्हें अच्छा नहीं लगता है। यदि वह व्यक्ति आपकी बात मानता है तो आपका रिश्ता बेहतर होगा और यदि नहीं मानता है तो उसके साथ समय व्यतीत करना बंद करें।
4. सकारात्मक कार्य करें : नकारात्मकता से दूर रहने के साथ यह भी आवश्यक है कि आप सकारात्मक रूप से कार्य करें। क्योंकि सिर्फ सकारात्मक सोचने से ही आत्मविश्वास में वृद्धि नहीं होगी उसके लिए सकारात्मक कार्य भी करने होंगे। किसी कार्य को करने से पहले ही मना न करें बल्कि सकारात्मक सोच के साथ उसे करने के लिए आगे बढ़ें।
5. निडर बनें : विफलता आपकी दुश्मन नहीं है लेकिन उसके बारे में सोच कर ही हमारा आत्मविश्वास डगमगाने लगता है। ऐसे में हर व्यक्ति को खुद पर विश्वास तो रखना ही होगा साथ ही विफलता का डर भी अंदर से निकाल कर बाहर फेंकना होगा। हर सफल व्यक्ति शुरुआत में डरता है लेकिन वे सफल हैं क्योंकि उन्होंने उस डर को अपने ऊपर कभी हावी नहीं होने दिया।
6. अपनी उपलब्धियों की सूची बनाएं : पूर्व में जो भी उपलब्धियां अर्जित की हैं, उनकी एक सूची तैयार करें। इस सूची को ऐसी जगह रखें जहां से यह आपको आसानी से मिल सके। आत्मविश्वास में कमी होने की स्थिति में इस सूची पर नजर दौड़ाएं। इससे आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।