गर्मी अपनी रफ्तार पकड़ रही है और बॉडी में तेज गर्मी का असर साफ दिख रहा है। इस मौसम में डिहाइड्रेशन की समस्या लोगों को ज्यादा परेशान कर रही है। ऐसे मौसम में बॉडी को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। इस मौसम में सत्तू का शर्बत बेहद मुफीद होता है। इस शर्बत को आप घर में या फिर बाजार से खरीद कर पी सकते हैं। गर्मी के दिनों में बाजार में सड़के के किनारे कई दुकानदार सत्तू का शर्बत बेचते दिख जाएंगे। सत्तू का शर्बत प्यास को बुझाता है, साथ ही बॉडी को हाईड्रेट भी रखता है। इसका सेवन करने से वजन भी कंट्रोल रहता है।

औषधीय गुणों से भरपूर सत्तू का शर्बत भुना हुआ बेसन होता है जिसका शर्बत बनाकर उसका सेवन किया जाता है। सत्तू ऐसा देसी पावर फूड है जो गर्मियों में किसी औषधि से कम नहीं है। खासतौर पर गर्मी से निजात दिलाने के लिए और बॉडी को एनर्जी देने के लिए सत्तू का सेवन असरदार है। सत्तू का सेवन शुगर के मरीजों के लिए भी फायदेमंद हैं। सत्तू एक लो-ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला ड्रिंक है जो डायबिटीज रोगियों के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। आज हम आपको गर्मी का सबसे उत्तम आहार सत्तू के फायदों के बारे में बता रहे हैं।

शुगर कंट्रोल करता है: सत्तू एक लो-ग्लाइकेमिक इंडेक्स वाला फूड है और डायबिटीज के मरीजों के लिए बेस्ट फूड है। कहा जाता है कि ठंडा सत्तू का शरबत पीने से ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है।

ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है: सत्तू का सेवन करने से ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रहता है। भुने हुए बेसन से तैयार सत्तू फाइबर से भरपूर होता है जो कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में असरदार है। सत्तू से सेहत को बेहतर फायदा पहुंचाने के लिए आप सत्तू के शर्बत में एक चुटकी नमक का सेवन करें।

बॉडी को ठंडा रखता है: सत्तू का सेवन करने से बॉडी ठंडी रहती है। सत्तू का शर्बत गर्मियों में प्यास बुझाने के लिए एक बेहतरीन पेय है, क्योंकि यह शरीर को गर्मी से बचाता है और शरीर के तापमान को काफी कम करता है।

पोषक तत्वों से भरपूर है: सत्तू को ड्राई-रोस्टिंग प्रक्रिया द्वारा बनाया जाता है जिसकी वजह से ये पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन, मैंगनीज और मैग्नीशियम से भरपूर मात्रा में होता है। दरअसल, 100 ग्राम सत्तू में 20.6 प्रतिशत प्रोटीन, 7.2 प्रतिशत वसा, 1.35 प्रतिशत फाइबर, 65.2 प्रतिशत कार्बोहाइड्रेट, 2.7 प्रतिशत कुल ऐश और 406 कैलोरी होती है। इसका सेवन करने से बॉडी हेल्दी रहती है।

पाचन को दुरुस्त रखता है: सत्तू का सेवन करने से पाचन ठीक रहता है। सत्तू में मौजूद अघुलनशील फाइबर आंतों के लिए बहुत अच्छे होते हैं। इसका सेवन करने से पाचन ठीक रहता है। ये पेट फूलना, कब्ज और अम्लता को ठीक करता है।

प्रोटीन की कमी को करता है पूरा: सत्तू प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर होता है। यह कार्बोहाइड्रेट से बना है, जबकि इसमें बाकी प्रोटीन होता है। प्रोटीन का सेवन करने से दांत और हड्डियां मजबूत होती हैं।