सर्दी का मौसम शुरु हो रहा है और तरह-तरह के सीजन फल भी बाजारों में दिखना शुरु हो चुके हैं। सिंघाड़ा एक ऐसा फल है जो सर्दी की फसल है। नवरात्रि पर उपवास के दौरान लोग सिंघाड़ा का सेवन बहुत ज्यादा करते हैं। सिंघाड़ा एक ऐसा फल है जिसका सेवन उसे फ्रूट्स के रुप में,ड्राईफ्रूट के रुप में और आटा बनाकर अनाज के रूप में भी किया जाता हैं।

उपवास व्यंजनों को बनाने के लिए भारत में बड़े पैमाने पर सिंघाड़े के आटा का इस्तेमाल किया जाता है। सिंघाड़ा में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो 100 ग्राम सिंघाड़े में कैलोरी- 97, फाइबर, प्रोटीन, मैग्नीज, पोटैशियम, कॉपर, विटामिन बी 6 भरपूर मौजूद होता है। एंटीऑक्सिडेंट्स गुणों से भरपूर सिंघाड़ा फ्री रैडिकल्स से बॉडी की हिफ़ाजत करता है।

होम्योपैथी डॉक्टर लोकेंद्र गौड़ के मुताबिक सर्दी में इस फल का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और कब्ज की बीमारी से निजात मिलती है। फाइबर से भरपूर सिंघाड़ा वजन को कंट्रोल करने में बेहद असरदार साबित होता है। सिंघाड़े में 74% पानी होता है जो भूख को कंट्रोल करता है और बॉडी का वजन भी नहीं बढ़ने देता। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सिंघाड़ा कैसे आंतों की गंदगी को साफ करता है और पाचन को दुरुस्त करता है। आइए जानते हैं कि 15 दिनों तक इसका सेवन करने से बॉडी को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

आंतों की गंदगी साफ करता है सिंघाड़ा

100 ग्राम सिंघाड़ा में 7-9 ग्राम फाइबर मौजूद होता है, जो पाचन को दुरुस्त करने में बेहद असरदार साबित होता है। सिंघाड़े का सेवन करने से अपच की समस्या से राहत मिलती है और पाचन दुरुस्त रहता है। आंतों की बीमारियों को दूर करने में और आंतों में जमा गंदगी को साफ करने में सिंघाड़े का सेवन दवाई की तरह असर करता है। इसे खाने से पेट साफ होता है।

प्रोटीन से भरपूर सिंघाड़ा घटाता है वजन

प्रोटीन हमारी बॉडी के लिए बेहद जरूरी है जो हड्डियों के निर्माण में सहायक है। प्रोटीन से भरपूर फूड का सेवन मसल्स को स्ट्रॉन्ग बनाता है और वजन को घटाने में मदद करता है। प्रोटीन रिच डाइट कैलोरी बर्न करने में बेहद मददगार होती है। इसे खाने के बाद पेट लम्बे समय तक भरा रहता है और भूख नहीं लगती। जब आप कम खाते हैं तो आपका वजन भी तेजी से कम होता है।

विटामिन B6 से भरपूर है सिंघाड़ा

विटामिन B6 से भरपूर है सिंघाड़ा जो इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग करता है और आपकी बॉडी को बीमारियों से बचाता है। अगर आपका इम्युन सिस्टम बहुत कमजोर है और आप बार-बार बीमार पड़ते हैं तो आप सिंघाड़ा का सेवन करना शुरु कर दें। विटामिन बी 6 हमारी स्किन के लिए बहुत उपयोगी होता है।

हाई ब्लड प्रेशर को करता है नॉर्मल

जिन लोगों का ब्लड प्रेशर हाई रहता है वो सिंघाड़ा का सेवन करें। ये फल ब्लड सर्कुलेशन के लिए पर्याप्त जगह देता है और दिल पर दबाव कम डालता है। इसका सेवन करने से धमनियां शांत होती हैं और बीपी कम रहता है।

दिल की सेहत रहती है दुरुस्त

सिंघाड़ा का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। इसका सेवन करने से हार्ट अटैक का खतरा कम होता है। पोटैशियम से भरपूर सिंघाड़ा का सेवन दिल को हेल्दी रखता है।