गौतम अडानी (Gautam Adani) की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद गौतम अडानी की कंपनियों के शेयर लगातार गिर रहे हैं। अडानी ग्रुप की सबसे प्रतिष्ठित और फ्लैगशिप कंपनी अडानी इंटरप्राइजेज (Adani Enterprise Limited) के शेयर शुक्रवार (3 फरवरी) को 35% तक गिर गए। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के डाटा पर नजर डालें तो हिंडनबर्ग की रिपोर्ट सामने आने के बाद 2 फरवरी तक अडानी ग्रुप की 9 कंपनियों के कुल 9.22 लाख करोड़ रुपए डूब गए। सबसे ज्यादा नुकसान अडानी इंटरप्राइजेज और अडानी टोटल गैस को हुआ है।

महीने भर में आधी हो गई कंपनियों की वैल्यूएशन

अडानी ग्रुप की 9 कंपनियों की अब शेयर बाजार में टोटल वैल्यूएशन 10.41 लाख करोड़ रुपये रह गई है। महीने भर पहले तक (30 दिसंबर) तक इनका मार्केट कैप 19.63 लाख करोड़ रुपये था। अडानी एंटरप्राइजेज और अडानी टोटल गैस, दो ऐसी कंपनियां, जिनकी कुल नुकसान में करीब आधी हिस्सेदारी है।

30 दिसंबर 2022 को अडानी इंटरप्राइजेज की टोटल वैल्यूएशन 4.40 लाख करोड़ रुपये थी, जो अब घटकर महज 1.78 लाख करोड़ रह गई है। इसी तरह, अडानी टोटल गैस की वैल्यूएशन 4.06 लाख करोड़ रुपये थे, जो अब 1.88 लाख करोड़ बची हैं।

कंपनी30 दिसंबर 2022 की वैल्यूएशन2 फरवरी 2022 की वैल्यूएशन
अडानी एंटरप्राइजेज4.40 लाख करोड़1.78 लाख करोड़
अडानी टोटल गैस4.06 लाख करोड़1.88 लाख करोड़
अडानी ग्रीन एनर्जी3.06 लाख करोड़1.64 लाख करोड़
अडानी ट्रांसमिशन2.89 लाख करोड़1.74 लाख करोड़
अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड1.77 लाख करोड़1.00 लाख करोड़
अडानी पावर लिमिटेज1.16 लाख करोड़0.78 लाख करोड़
अंबूजा सिमेंट1.04 लाख करोड़0.70 लाख करोड़
अडानी विल्मर लिमिटेड0.80 लाख करोड़0.55 लाख करोड़
एसीसी लिमिटेड 0.46 लाख करोड़0.35 लाख करोड़
30 दिसंबर से 2 फरवरी के बीच किस तरह गिरी अडानी ग्रुप की कंपनियों की वैल्यूएशन (सोर्स- NSE)

अरबपतियों की लिस्ट में टॉप 20 से बाहर हुए गौतम अडानी

अडानी ग्रुप (Adani Group) की कंपनियों की वैल्यूएशन गिरने के बाद ग्रुप के संस्थापक गौतम अडानी की नेटवर्थ (Gautam Adani Networth) पर भी भारी असर पड़ा है। कभी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में नंबर दो पर पहुंच चुके अडानी अब टॉप-20 से भी बाहर हो गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स लिस्ट की 3 फरवरी की रिपोर्ट के मुताबिक गौतम अडानी अब 21वें स्थान पर हैं।

साल भर में अर्श से फर्श पर आने की कहानी

आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक साल के अंदर गौतम अडानी की संपत्ति में जिस रफ्तार से बेतहाशा इजाफा हुआ, उसी रफ्तार से चपत भी लगी। 2 फरवरी 2022 को गौतम अडानी की कुल नेटवर्थ 88 बिलियन डॉलर थी, जो सितंबर आते-आते 149.9 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई। सितंबर के बाद थोड़ी गिरावट आई, लेकिन हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी ग्रुप के शेयर्स में ब्लडबाथ जैसा नजारा दिखा।

कंपनियों के शेयर धड़ाधड़ गिरने लगे। 3 फरवरी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब अडानी की नेटवर्थ 61.3 बिलियन डॉलर रह गई है। अकेले जनवरी 2023 में गौतम अडानी को 59.2 बिलियन डॉलर की चपत लगी है।