दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर अपनी फिल्मों के लिए तो जाने ही गए साथ ही वो अपनी सोशल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रहे। सार्वजनिक जगहों पर कई बार उन्हें गुस्सा होते देखा गया तो ट्विटर पर भी उनके ट्वीट्स पर खूब विवाद हुए। इसी वजह से उनकी पत्नी अभिनेत्री नीतू कपूर उनके ट्वीट्स पर लगातार नजर बनाए रखती थीं। नीतू कपूर ने इस बात का खुलासा ‘द कपिल शर्मा शो’ (The Kapil Sharma Show) पर किया था।

नीतू कपूर ने बताया था कि वो हर रात सोने से पहले ऋषि कपूर का ट्विटर चेक करती हैं। दरअसल कपिल शर्मा ने ऋषि कपूर की मौजूदगी में नीतू कपूर ने सवाल पूछा था, ‘मैम जब सुबह आप उठती हैं तो न्यूजपेपर पढ़ती हैं या ऋषि सर के ट्वीट्स देखती हैं? आपको कभी टेंशन होती है कि अब सर ने क्या गड़बड़ कर दिया?’

जवाब में नीतू कपूर ने बताया था, ‘मैं सोने से पहले ट्वीट देखती हूं इनके।’ इसी दौरान नीतू ने बताया था कि उनकी शादी को कई दशक हो गए लेकिन कोई दिन ऐसा नहीं जाता जब वो ऋषि कपूर से नाराज होकर नहीं कहती कि मैं आपको छोड़कर जा रही हूं। उन्होंने कहा था, ‘मेरी शादी को 37 साल हो गए और आज भी हर रोज एक बार ऐसा होता है जब मैं सोचती हूं..बस…! मैं जा रही हूं। लेकिन फिर इनमें इतनी अच्छाइयां होती हैं कि मैं रह जाती हूं।’

 

ऋषि कपूर के कुछ विवादित ट्वीट्स की बात करें तो एक बार उन्होंने एक प्रेगनेंट महिला की तस्वीर पर ऐसा कमेंट कर दिया था कि लोग उन पर भड़क गए थे। उन्होंने गर्भवती महिला की तुलना गुलदस्ते से कर दी थी। उन्होंने महिला और गुलदस्ते की एक कोलाज तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया था, ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन।’

इसी तरह एक बार उन्होंने अपनी फिल्म का गाना बता एक छोटे बच्चे का वीडियो शेयर किया था जिस पर भी ट्विटर यूजर्स ने उन्हें खूब ट्रोल किया था।