एक पिता के आगे बच्चे का चले जाने का गम तो बस वो पिता ही जान सकता है। इस दर्द को बयां नहीं किया जा सकता है कि उस पर क्या बीत रही होती है। इसी गम से बॉलीवुड एक्टर फिल्ममेकर और टी-सीरीज के को-ओनर कृष्णा कुमार गुजर रहे हैं। उन्होंने बीते दिनों ही अपनी इकलौती बेटी तिशा कुमार को खोया है। उनका कैंसर के चलते 18 जुलाई को निधन हो गया। वो महज 20 साल की थी। बेटी की मौत के बाद एक्टर सदमे में हैं। वो इस गम से उबर नहीं पा रहे हैं। बीते दिन ही तिशा का अंतिम संस्कार किया गया। कृष्णा बुरी तरह से टूट गए हैं। ऐसे में अब बेटी के लिए शोक सभा रखी थी, जिसमें उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए करीबी और बॉलीवुड से कुछ सेलेब्स पहुंचे। इससे एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सोनू निगम पहुंचे थे। इसमें सिंगर को बेहद ही भावुक देखा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सोनू निगम को फूट-फूटकर रोते हुए देखा जा सकता है। इस दिल को छू लेने वाले वीडियो में देख सकते हैं कि कृष्णा कुमार बेटी को मुखाग्नि देने के बाद बुरी तरह से टूट गए हैं। वो एक जगह बैठे हुए बस बेटी की याद में खोए हुए नजर आ रहे हैं। एक पिता के चेहरे पर मायूसी को साफ तौर से देखा जा सकता है। इसी बीच सोनू निगम पहुंचते हैं और वो एक पिता को इस तरह से देखकर टूट जाते हैं। वो कृष्णा की गोद में सिर रखकर फूट-फूटकर रोते नजर आते हैं। इस दौरान उनके साथ उनकी वाइफ भी थीं, जो सिंगर को संभालते हुए नजर आती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि सोनू ने तिशा को बचपन से लेकर अब तक बड़े होते तक देखा है और उनकी अचानक मौत से उन्हें काफी सदमा लगा है।
टी-सीरीज से पुराना है सोनू निगम का नाता
आपको बता दें कि टी-सीरीज से सोनू निगम का नाता काफी पुराना है। वो करीब 30 साल से इस कंपनी के साथ हैं। ऐसे में वो इस दुख की घड़ी में कुमार परिवार के साथ खड़े रहे। उनके दुख में सरीक हुए। सोनू के चेहरे पर दुख साफ तौर से देखने के लिए मिला। उन्हें इस तरह से रोता हुए देखा सभी की आंखें भर आई। लोग कृष्णा के लिए दुआ कर रहे हैं कि उन्हें ईश्वर इस गम को सहने की ताकत दे।
गौरतलब है कि तिशा कुमार की प्रेयर मीट में बॉलीवुड से बॉबी देओल, फरदीन खान, राकेश रोशन, उदित नारायण, सुनील शेट्टी, अनिल कपूर जैसे सितारे भी पहुंचे थे। वो सभी कृष्णा कुमार को सांत्वना देते हुए नजर आए।
