Sushant Singh rajput Suicide: सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने मंगलवार को रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक रिया ने खुद को बचाने के लिए देश के सबसे महंगे वकीलों में से एक सतीशमाने शिंदे को हायर किया है। सतीशमाने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान और संजय दत्त का केस लड़ चुके हैं।

सलमान खान के 1998 के ब्लैकबक और संजय दत्त के 1993 के मुंबई ब्लास्ट केस के दौरान सतीशमाने ही उनके वकील थे। 50 साल के सतीशमाने शिंदे महंगी कारों के प्रति अपने प्यार के लिए जाने जाते हैं। बॉलीवुड लाइफ में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक सतीश देश के शीर्ष वकीलों में से एक हैं जो कि प्रति दिन 10 लाख रुपये बतौर फीस चार्ज करते हैं। यह 2010 के आंकड़े हैं।

अग्रिम जमानत के लिए साइन किए पेपर: एनबीटी में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक सतीशमाने शिंदे ने मंगलवार को ही अग्रिम जमानत के लिए पेपर्स साइन कर दिए थे क्योंकि जूनियर वकील आनंदिनी फर्नांडिस को रिया के घर के बाहर देखा गया था। सतीशमाने शिंदे के मुताबिक, जब पहले से ही इस केस की जांच मुंबई में चल रही है और इसकी पूरी जानकारी वहां की पुलिस को है तो ऐसे में बिहार में इसी मामले पर मुकदमा दर्ज करना गैरकानूनी है।

सुशांत के पिता कृष्ण किशोर सिंह ने रिया और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने 7 पेज के शिकायतनामे में बताया कि पिछले 1 साल में लगभग 17 करोड़ रुपए मेरे बेटे के खाते में जमा हुए थे जिसमें करीब 15 करोड़ रुपए निकाल लिए गए हैं। यह पैसे जिन जगहों पर ट्रांसफर हुए हैं उनका मेरे बेटे से कोई लेना-देना नहीं था। मेरे बेटे के सभी खातों की जांच की जानी चाहिए।

किशोर सिंह ने बताया कि सुशांत को रिया ने अपने कंट्रोल में कर लिया था। उनके क्रेडिट कार्ड से लेकर सभी आईडी पासवर्ड तक रिया ने जब्त कर लिए थे। परिवार को उनसे मिलने नहीं दिया जाता था। पैसे और जेवर भी हड़पने का आरोप है। रिया के आने के बाद सुशांत सिंह को फिल्में मिलने में काफी कमी दर्ज की गई। एक्टर के पिता ने बताया कि 2019 से पहले जब मेरे बेटे सुशांत सिंह कोई भी दिमागी परेशानी नहीं थी तो रिया के सम्पर्क में आने के बाद अचानक क्या हुआ? इसकी भी जांच की जानी चाहिए।