बॉलीवुड के हाई प्रोफाइल केस में से एक सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड का मामला काफी चर्चा में रहा। इस केस को करीब 5 साल का वक्त हो चुका है। सुशांत के आत्महत्या करने के बाद परिवार और फैंस ने रिया चक्रवर्ती पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ही एक्टर को आत्महत्या के लिए उकसाया था। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस पर 15 करोड़ की हेराफेरी का भी आरोप लगाया था। इस मामले में ड्रग्स के एंगल तक से भी जांच की गई थी। इसकी वजह से रिया को 27 दिनों तक जेल में रहना पड़ा था। आलम ये हो गया था कि रिया के पास ना तो काम था और ना ही कोई रहने के लिए अपना फ्लैट उन्हें किराए पर दे रहा था। ऐसे में अब इस केस में रिया को क्लीन चिट मिल चुकी है, जिसके बाद सभी उनका सपोर्ट कर रहे हैं। सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट में साफ किया गया कि सुशांत सिंह राजपूत ने सुसाइड किया था। ऐसे में चलिए बताते हैं सुसाइड से शुरू हुई इस थ्योरी की पूरी टाइमलाइन के बारे में।

2019 में परवान चढ़ा था सुशांत और रिया का प्यार

सुशांत सिंह राजपूत, रिया चक्रवर्ती से पहले अंकिता लोखंडे के साथ रिलेशनशिप में थे। 2018 में फिल्म ‘केदारनाथ’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने के बाद उनका नाम सारा अली खान के साथ जुड़ा। इसके बाद रिया चक्रवर्ती संग। अप्रैल 2019 से रिया और सुशांत एक्ट्रेस के साथ रिलेशनशिप में आ गए थे। रिया ने अपने भाई और सुशांत के साथ मिलकर सितंबर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी विविडरेज रियालिटीक्स की स्थापना की और फिर दोनों जल्द ही अपने रिश्ते में अलग मुकाम पर ले गए। उसी साल दिसंबर में वो एक साथ रहने लगे यानी कि लिव इन रिलेशनशिप में आए।

फिर आई सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड की खबर

रिया चक्रवर्ती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे सुशांत सिंह राजपूत को लेकर एक दिन खबर आई कि उन्होंने सुसाइड कर लिया। एक साल डेटिंग के बाद 14 जून, 2020 को सुशांत की मौत की खबर ने सभी को हिलाकर रख दिया। उनके निधन से ठीक 6 दिन पहले ही उनकी मैनेजर दिशा सालियान ने सुसाइड किया था। उन्होंने अपनी बिल्डिंग से कूदकर जान दे दी थी। हालांकि, परिजनों इसे हत्या बताया था। सुशांत के निधन के बाद दिशा सालियान सुसाइड केस को आपस में जोड़ा जा रहा था और दोनों ही लगातार हुई मौत उस समय कई सवाल खड़े कर रहे थे। लोगों के शक के घेरे में आदित्य ठाकरे और रिया चक्रवर्ती जैसे बड़े नाम आए। एफआईआर दर्ज हुई। मामला काफी बढ़ता जा रहा था। कंगना रनौत ने ही सुशांत के लिए स्टैंड लिया था और सीबीआई की मांग की थी। उन्होंने मुखर होकर इस केस पर अपने विचार रखे थे।

रिया चक्रवर्ती के खिलाफ हुई एफआईआर

सुशांत सिंह के निधन के बाद उनके पिता केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में 25 जुलाई, 2020 को एक एफआईआर की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रिया ने उनके बेटे को सुसाइड के लिए उकसाया था। गलत तरीके से रोकना, गलत तरीके से बंधक बनाने, चोरी, विश्वासघात और 15 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी जैसे संगीन आरोप लगाए थे।

ईडी, सीबीआई और एनसीबी ने की जांच

इसके बाद मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में ईडी, सीबीआई और एनसीबी की एंट्री होती है। सभी अपने-अपने एंगल से इस केस की जांच में जुट जाते हैं। ईडी ने रिया और उनके भाई शॉविक से मनी लॉन्ड्रिंग केस में तलब किया था। 7 अगस्त, 2020 को रिया और उनके भाई से घंटों पूछताछ की गई थी। 19 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने इस केस को सीबीआई के हाथों में सौंप दिया। क्योंकि सुशांत के पिता, बहन श्वेता सिंह और एक्टर के सपोर्ट सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। वहीं, एनसीबी ने इस केस में ड्रग्स के एंगल से जांच की थी।

रिया चक्रवर्ती को 27 दिनों के लिए जाना पड़ा था जेल

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस में जब एनसीबी की एंट्री हुई थी। ड्रग्स मामले में रिया चक्रवर्ती समेत बॉलीवुड के कई सेलेब्स पर गाज गिरी थी। ड्रग्स पैडलर के साथ चैट भी सामने आई थी। एनसीबी ने ड्रग्स पैडलर्स के चैट्स को एक्सेस किया था। इसके बाद कुछ प्रमुख अभिनेत्रियों के नाम सामने आए। अक्टूबर 2017 का एक चैट लीक होने पर दीपिका पादुकोण का नाम सामने आया था। इसमें सारा अली खान का नाम भी सामने आया था। ड्रग्स केस में एनसीबी ने सुशांत सिंह की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद एक्ट्रेस को 27 दिनों तक जेल जाना पड़ा था। वो बैकुला जेल में बंद थीं। फिर बॉम्बे हाईकोर्ट ने 7 अक्टूबर को उनकी बेल को मंजूरी दे दी थी। ड्रग्स मामले में एनसीबी ने सारा, दीपिका और रिया के साथ ही श्रद्धा कपूर और रकुल प्रीत सिंह को भी तलब किया था।

रिया चक्रवर्ती ने सुशांत के परिवार के खिलाफ दर्ज कराई थी शिकायत

इसके साथ ही रिया चक्रवर्ती ने भी सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने काउंटर करते हुए 7 सितंबर 2020 को केस दर्ज कराया था। एक्ट्रेस ने सुशांत की बहनों प्रियंका सिंह और मीतू सिंह के साथ-साथ राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टर तरुण कुमार पर भी आरोप लगाया था। रिया ने उन पर सुशांत की मौत से कुछ दिन पहले बिना परामर्श के उन्हें चिंता की दवा के लिए फर्जी मेडिकल पर्चा लिखने का आरोप लगाया।

बॉम्बे हाई कोर्ट खारिज की थी रिया की एफआईआर

वहीं, फरवरी 2021 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने रिया द्वारा सुशांत की बहन मीतू सिंह के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को खारिज कर दिया था। हालांकि, कोर्ट ने सीबीआई को प्रियंका सिंह के खिलाफ जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। इसके बाद एनसीबी ने मार्च 2021 में ड्रग-संबंधी पहलुओं के संबंध में रिया और उनके भाई शॉविक और अन्य को नामजद करते हुए एक आरोप पत्र दायर किया था।

रिया चक्रवर्ती को झेलनी पड़ी ज़िल्लत

सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उनके आगे दो चुनौतियां कड़ी थी। पहला ये कि खुद को कैसे निर्दोष साबित किया जाए और दूसरा समाज के लोगों से परिवार और खुद को बचाना। उनके बीच सर्वाइव कैसे करना। सुशांत की मौत के बाद एक्ट्रेस सड़कों तक पर घूमने के लिए मजबूर हो गई थीं। उन्हें कोई मुंबई में फ्लैट तक किराए से देने को राजी नहीं हो रहा था। इस घटना का असर ना केवल उनकी पर्सनल जिंदगी बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और प्रोफेशनल लाइफ पर भी पड़ा था। रिया और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी तक मिलने लगी थी।

रिया ने किया कमबैक

रिया चक्रवर्ती ये 5 साल काफी कठिन रहे। ये 5 साल उनकी जिंदगी का वो काला अध्याय है, जिसे वो शायद कभी याद भी ना करना चाहें। जहां सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड केस के बाद वो पर्सनल और प्रोफेशनल क्राइसेस का सामना रही थीं वहीं, वो मजबूती के साथ खड़ी भी थीं। तमाम विवादों, आरोपों और आलोचनाओं के बीच रिया चक्रवर्ती खुद को फिर से इंडस्ट्री में स्टेब्लिश करने की कोशिश में लगी थीं। उन्होंने रियलिटी शो एमटीवी रोडीज़ में एक गैंग लीडर के रूप में वापसी की थी। इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘चैप्टर 2’ नाम से एक पॉडकास्ट भी लॉन्च किया।

रिया को कोर्ट से मिली राहत

इसके बाद रिया चक्रवर्ती ने साल 2024 में राहत की सांस तब ली जब अक्टूबर 2024 में उनके और परिवार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने लुकआउट सर्कुलर को खारिज कर दिया। लंबी मशक्कत के बाद रिया को कानूनी राहत मिली थी।

करीब 5 साल बाद मिला न्याय

फिर वो दिन भी आ गया जब रिया चक्रवर्ती को न्याय मिला। इसमें करीब 5 साल का वक्त लग गया। सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें कथित तौर पर किए गए दावों का समर्थन करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं मिला कि जिससे ये कहा जा सके कि रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह राजपूत को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। रिपोर्ट में रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार को सुशांत सिंह सुसाइड केस में क्लीन चिट दी गई, जिसमें पुष्टि की गई है कि सुशांत ने खुदकुशी की थी।

‘डांस क्लासेस देती, बच्चों को कविताएं सिखाती थी…’, रिया चक्रवर्ती ने बताया जेल में कैसे बीते 6 महीने, बोलीं- ‘डिप्रेशन होने लगा था…’