बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन का केस उलझता ही जा रहा है। सुशांत की मौत के मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच सुशांत की बहनों के भी व्हाट्सएप चैट्स सामने आ रहे हैं जिससे परिवार के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्हाट्सएप चैट्स से ऐसा लग रहा है कि सुशांत की बहनों को उनकी मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी थी।
एनडीटीवी में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत की बहन प्रियंका सिंह के साथ उनकी कुछ चैट्स सामने आई हैं। इन चैट्स में प्रियंका सुशांत से कहती हैं, ‘पहले एक हफ्ते तक Librium लो फिर नाश्ते के बाद रोजाना एक बार Nexito 10 mg लो। Lonazep साथ में रखो जब भी एंजाइटी अटैक आए ले लेना।’ इसके जवाब में सुशांत कहते हैं, ‘ओके सोनू दी। कोई भी इन दवाइयों को प्रिस्क्रिप्शन के बिना नहीं देगा। इसके जवाब में प्रियंका कहती हैं, ‘मुझे
देखने दो अगर मैं मैनेज कर सकूं तो।’
इसके बाद प्रियंका, सुशांत को एक वॉयस कॉल करती हैं जो सुशांत पिक नहीं करते हैं। इसके बाद प्रियंका फिर कुछ मैसेजेस करती हैं और कहती हैं, ‘बाबू मुझे फोन करो। मुझे प्रिस्क्रिप्शन भेजनी है। मेरी दोस्त एक जानी मानी डॉक्टर है जो तुम्हें मुंबई के बेस्ट डॉक्टर्स से कनेक्ट कर सकती है। सब कॉन्फिडेंशियल है। इसलिए परेशान मत होना। बस कॉल करो। बाबू ये प्रिस्क्रिप्शन है। ये दिल्ली से है लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ना चाहिए। अगर कुछ हुआ हो तो इसे ऑनलाइन कंसलटेशन बता सकते हैं।’ इसके जवाब में सुशांत लिखते हैं ‘ओके, थैंक्यू सो मच दी।’
प्रियंका ने बदल दी थीं सुशांत की दवाएं: रिया के वकील की तरफ से इस बात का दावा किया गया है कि सुशांत की बहन प्रियंका सिंह ने बिना डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन के कुछ दवाएं दी थीं। रिया के वकील ने कहा कि जब प्रियंका ने सुशांत की दवाएं बिना डॉक्टर की सलाह के बदल दीं तो उसके बाद रिया ने 8 जून को घर छोड़ दिया था। हालांकि सुशांत के परिवार ने यह दावा किया था कि वह सुशांत की तबीयत या डिप्रेशन के बारे में नहीं जानते थे। रिया ने इस बात का विरोध किया था क्योंकि सुशांत पहले ही अपने एक अन्य डॉक्टर की दवाएं ले रहे थे। इसी बात पर रिया और सुशांत की बहस भी हुई थी जिसके बाद सुशांत ने रिया को घर छोड़कर जाने के लिए कहा था।
सुशांत की फैमिली पर लीगल ऐक्शन ले सकती हैं रिया चक्रवर्ती: रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानेशिंदे ने कहा है कि रिया सुशांत की फैमिली पर मामला दर्ज करा सकती है। रिया के वकील ने आरोप लगाया है कि सुशांत की फैमिली ने झूठे आरोप लगाए हैं जिसके चलते अब वह सुशांत की फैमिली पर लीगल ऐक्शन लेंगे। वकील ने कहा, ”सुशांत की बहनों की चैट्स और उनके भेजे प्रिस्क्रिप्शन से यह साफ हो जाता है कि फैमिली को सुशांत की मानसिक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी थी। वे लोग प्रिस्क्रिप्शन भेज रहे थे और कोर्ट और ईडी को झूठ भी बोल रहे थे।’