Sushant Singh Rajput Case: सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच सीबीआई को ट्रांसफर कर दी गई है। यह जानकारी केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को दी है। इस बीच वरिष्ठ पत्रकार अर्णब गोस्वामी (Arnab Goswami) ने दावा किया है कि सुशांत सिंह राजपूत अपनी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान (Disha Salian) की मौत के बाद एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। उन्हें यह जानकारी सूत्रों से मिली है।

उन्होंने कहा कि सुशांत की मौत का मामला उनकी पूर्व मैनेजर दिशा की मौत से लिंक है। दिशा को जिसने मारा वे सुशांत को भी धमकी दे रहे थे। सूत्र ने बताया कि सुशांत दिशा की मौत को लेकर बहुत बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद नारायण राणे ने दावा किया था कि सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा का रेप के बाद मर्डर किया गया था। उन्होंने खुदकुशी नहीं की थी। राणे ने कहा था कि उनके पास इससे जुड़े दस्तावेज भी हैं और जरूरत पड़ने पर संबंधित अथॉरिटी के सामने इसे रखेंगे।

पुलिस ने लोगों से मांगी दिशा की डेथ से जुड़ी जानकारी: उधर, दिशा की मौत के 57 दिन बाद मुंबई पुलिस आज हरकत में आई है और एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोगों से दिशा की मौत से संबंधित जानकारी मांगी है। मुंबई पुलिस ने कहा है कि अगर किसी के पास दिशा की मौत से जुड़ी कोई भी जानकारी है तो मलाड में मालवानी पुलिस के पास इसे सौंप सकते हैं।

दिशा की मां ने दिया बयान: Times Now को दिए इंटरव्यू के दौरान दिशा की मां ने कहा, ‘हमें नहीं पता कि यह आत्महत्या थी या एक्सीडेंट। यह एक दुर्घटना भी हो सकती है। शायद वह वहीं बैठी हो और उसके साथ ऐसा हो गया हो। ऐसा भी हो सकता है।’ दिशा की मां ने आगे कहा कि इस पूरे मामले पर उन्हें फिलहाल किसी पर कोई शक नहीं है।

बता दें कि दिशा सालियान ने अपने करियर की शुरुआत में अखबार में काम किया था। उसके बाद उनकी रुचि पीआर लाइन में हुई और उन्होंने अपने करियर की राह बदल ली। दिशा ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम किया था। दिशा ने छिछोरे फिल्म के वक्त एक्टर वरुण शर्मा के लिए भी काम किया और दिशा को एक्टर और मॉडल मिलिंद सोमन संग काम करने का भी मौका मिला था।