किसान आंदोलन के 7 महीने पूरे होने पर शनिवार को किसानों ने देश के कई राज्यों में प्रदर्शन किए। किसानों के आगे बढ़ते प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कई अवरोध भी लगाए। इसी बीच किसान नेता राकेश टिकैत के गिरफ्तारी की भी अफ़वाहों ने जोर पकड़ा हालांकि बाद में यह बात स्पष्ट हो गई कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। कृषि कानूनों के कुछ समर्थकों की तरफ से अक्सर यह आरोप लगते रहे हैं कि राकेश टिकैत किसान हितैषी नहीं हैं। इसी बात को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता आईपी सिंह ने नरेंद्र मोदी पर तंज़ किया है।
उन्होंने नरेंद्र मोदी की एक पुरानी तस्वीर शेयर की है, जिसमें प्रधानमंत्री विमान में बैठे हैं। विमान में उद्योगपति गौतम अडानी भी दिख रहे हैं। तस्वीर शेयर करते हुए सपा नेता ने लिखा, ‘टिकैत किसान हितैषी नहीं हैं, अडानी के विमान से हवा में उड़ रहे यह सज्जन किसान हितैषी हैं।’
सपा नेता के इस ट्वीट पर ट्विटर यूजर्स की भी राय सामने आई है। मिश्रा नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘किसानों का अच्छी तरह रहना बहुतों को पसंद नहीं है। कितने नेता और आदमी हैं जिनके पास टूटी साइकिल हुआ करती थी और आज दो नंबर की कमाई से एसयूवी में चलते हैं, एसी में सोते हैं। किसान 7 महीने से अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, उनका सहयोग न कर सको तो उन्हें बदनाम तो मत करो।’
टिकैत किसान हितैषी नहीं हैं, अदानी के विमान से हवा में उड़ रहे यह सज्जन किसान हितैषी हैं। pic.twitter.com/RVp7ViPNxV
— I.P. Singh (@IPSinghSp) June 27, 2021
प्रबोध सिंह नाम के यूजर ने लिखा, ‘सर आपसे आग्रह हैं आप UP में किसानों का मोर्चा बुलंद कीजिए। मुझे पूरा यकीन है UP में भी बंगाल जैसा रिज़ल्ट आएगा।’ मनोज कुमार शेखर ने आईपी सिंह को जवाब दिया, ‘UP का चुनाव नजदीक आया तो किसान से चर्चा और आंदोलन खत्म करने की अपील? इतने दिनों में किसानों की याद नही हो गई? जब भी चुनाव आता है, देश में बड़े पैमाने पर हलचल दिखाई देती है।’
आर एस कासमी नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘अंग्रेज जिस तरह से अपनी कंपनी के द्वारा देश को अपने कब्ज़े में कर लिए थे इसी तरह अंबानी अडानी देश को अपने कब्ज़े में लेना चाह रहे हैं।’ वाहिद नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘इसी ऐशपरस्ती की खातिर तो आमजन के लिए नहीं बल्कि अपने पार्टनर जैसे मित्रों के हिसाब से पॉलिसियां बना रहे हैं। किसान हित में काम करने से इन्हें ऐसा कुछ नहीं मिलने वाला।’
आपको बता दें कि किसानों के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बीजेपी को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा है कि भाजपा बुनायादी मुद्दों से भटकाने वाली राजनीति में माहिर है। अखिलेश यादव ने कहा, ‘देश के अन्नदाता किसान का इतना घोर अपमान कभी किसी सरकार में नहीं हुआ। झूठे दावों और वादों के साथ भाजपा ने किसानों के साथ धोखा किया है।’
राकेश टिकैत ने भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार ऊंचा सुनती है इसलिए उन्हें बार बार ट्रैक्टर की आवाज सुनानी पड़ती है।