बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले एक्टर शाहरुख खान (Shah Rukh khan) का पॉपुलैरिटी के मामले में कोई जवाब नहीं। उनकी फैन फॉलोइंग दुबई तक में काफी जबरदस्त है। पॉपुलैरिटी के साथ ही एक्टर बॉलीवुड के सबसे अमीरों की लिस्ट में शुमार हुए थे, जिसमें उनकी नेटवर्थ 7300 करोड़ हो गई है। ऐसे में अब एक और लिस्ट सामने आई है। इसके बाद वो ना केवल बॉलीवुड के सबसे अमीर बल्कि सबसे ज्यादा टैक्स चुकाने वाले एक्टर भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में भी अक्षय कुमार और सलमान खान जैसे स्टार्स तक को पीछे छोड़ दिया है।
दरअसल, फॉर्च्यून इंडिया लिस्ट जारी की गई है, जिसमें इंडिया के टॉप टैक्स पेयर्स के नाम शामिल है। इस लिस्ट में नंबर वन पर शाहरुख का नाम है। वो 92 करोड़ रुपए टैक्स देते हैं। वहीं, तीसरे नंबर पर सलमान खान का नाम है। इस लिस्ट में टॉप 5 में अमिताभ बच्चन, सलमान खान जैसे स्टार्स के नाम शामिल हैं। वहीं, भारतीय प्लेयर्स में विराट कोहली सबसे आगे हैं।
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर्स की लिस्ट में शुमार आमिर खान और करीना कपूर तक पीछे हैं। वो कपिल शर्मा और पंकज त्रिपाठी से भी पीछे हैं। पंकज ने 11 करोड़ तो आमिर ने 10 करोड़ टैक्स चुकाया। अक्षय कुमार टॉप-20 से बाहर हैं। ऐसे में चलिए बताते हैं किस सेलेब ने कितना टैक्स चुकाया है। देखिए टॉप 15 की लिस्ट-
शाहरुख खान | 92 करोड़ |
थलापति विजय | 80 करोड़ |
सलमान खान | 75 करोड़ |
अमिताभ बच्चन | 71 करोड़ |
विराट कोहली | 66 करोड़ |
अजय देवगन | 42 करोड़ |
महेंद्र सिंह धोनी | 38 करोड़ |
रणबीर कपूर | 36 करोड़ |
सचिन तेंदुलकर | 28 करोड़ |
ऋतिक रोशन | 28 करोड़ |
कपिल शर्मा | 26 करोड़ |
सौरव गांगुली | 23 करोड़ |
करीना कपूर | 20 करोड़ |
शाहिद कपूर | 18 करोड़ |
मोहनलाल | 18 करोड़ |
एक साल में बढ़ी 1000 करोड़ नेटवर्थ
आपको बता दें कि हाल ही में हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 जारी की गई थी, जिसमें शाहरुख खान ने भारत के सबसे अमीर एक्टर की लिस्ट में नंबर वन पर जगह बनाई थी। इस लिस्ट की मानें तो एक्टर की नेटवर्थ में एक साल में 1000 करोड़ का इजाफा देखा गया। फोर्ब्स की 2023 की रिपोर्ट की मानें तो पिछले साल एक्टर की नेटवर्थ 6300 करोड़ थी। वहीं, हुरुन इंडिया रिच लिस्ट के मुताबिक शाहरुख की नेटवर्थ 7,300 करोड़ हो गई है।
2023 में किया था दो हजार करोड़ से ज्यादा का बिजनेस
इतना ही नहीं, साल 2023 शाहरुख खान के लिए काफी लकी साबित हुआ था। इस साल एक्टर की तीन फिल्में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर कमाल ही कर दिया था। उनकी तीनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस की बात की जाए तो एक साल में एक्टर की तीनों फिल्मों ने दो हजार करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया था। उनकी फिल्में ब्लॉकबस्टर रही थी।
बहरहाल, अगर शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो ‘टाइगर वर्सेज पठान’ में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा उनके पास ‘किंग’ और ‘पठान 2’ जैसी फिल्में भी हैं, जिसमें वो नजर आने वाले हैं।