कृषि कानूनों के खिलाफ किसान बीते कई महीनों से दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हुए हैं। लेकिन अब भाजपा उन्हें साधने की कवायद में है और किसानों को खुश करने के लिए भाजपा ने ट्रैक्टर रैली निकालने का फैसला किया है। भाजपा किसान मोर्चा द्वारा 16 से 30 नवंबर तक प्रदेश व्यापी ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी के इस फैसले पर अब भारतीय किसान यूनियन नेता राकेश टिकैत ने तंज कसा है और सवाल किया है कि कृषि और मिट्टी से इन्हें इतना प्यार कैसे हो गया?
किसान नेता राकेश टिकैत से रिपोर्टर ने कहा, “भाजपा का कहना है कि वह किसानों के साथ हैं। ऐसे में अगर आप ट्रैक्टर निकालेंगे तो वह भी ट्रैक्टर के साथ जनता को संदेश देंगे।” उनकी इस बात पर किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा, “ट्रैक्टरों से तो उन्हें बहुत नफरत थी, अचानक उन्हें ट्रैक्टरों से कैसे प्यार हो गया। जाली आदमी है बहुत, बचकर रहना।”
किसान नेता राकेश टिकैत ने केंद्र और भाजपा पर तंज कसते हुए आगे कहा, “झूठा प्यार कर रहे हैं वे किसानों से। क्या वे 10 साल पुराना ट्रैक्टर लेंगे? क्या जो कानून बना है, उसे मानेंगे। क्या मर्सडीज छोड़कर ट्रैक्टरों पर आएंगे। कृषि और मिट्टी से इन्हें इतना प्यार कैसे हो गया। गांव के लोग चौकस रहना, ट्रैक्टर पर रैली करेंगे ये।”
किसान नेता राकेश टिकैत ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा, “ये किसानों का झंडा लगाकर गांव-गांव जाएंगे और जनता को बहकाएंगे। ट्रैक्टर पर झंडा लगा रहे हैं तो किसान को बहकाना चाह रहे हैं, ऐसे में तो किसान नहीं बहकेगा। किसान बहकेगा तीन काले कानूनों को वापस लेने से। किसान बहकेगा एमएसपी पर गारंटी कानून बनाने से।” उनकी इस बात पर रिपोर्टर ने पूछा, ‘ट्रैक्टर पर आपका कॉपी राइट है?’
रिपोर्टर की इस बात पर किसान नेता ने कहा, “किसान का ही अधिकार है ट्रैक्टर पर। या तो यह कहो कि ट्रैक्टर अच्छी चीज है तो हमें 29 को दिल्ली जाने दो। दिल्ली में ट्रैक्टर पर बैन है, लेकिन भाजपा उसे सिंबल बनाकर चल रही है। ऐसा कैसे चलेगा? नफरत करते हैं वे ट्रैक्टर से। ये किसानों को बहकाने का काम कर रहे हैं, धोखा दे रहे हैं।”
