बीते दिनों सुशांत सिंह राजपूत मामले में अपने एक कमेंट को लेकर वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई काफी चर्चा में रहे थे। उन्होंने कहा था कि सुशांत सिंह वैसे बड़े स्टार नहीं थे कि पुलिस पर जांच के लिए दबाव बने। इस बयान को लेकर राजदीप सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल हुए थे। पूरे मामले पर राजदीप सरदेसाई ने अब सफाई दी है।
‘द लल्लन टॉप’ के कार्यक्रम ‘नेता नगरी’ में सफाई देते हुए राजदीप सरदेसाई ने कहा कि शब्दों में मैं कभी-कभी गलत हो सकता हूं लेकिन मेरे कहने का मतलब ये नहीं था। उन्होंने कहा, मैंने प्रणब दा पर माफी मांगी लेकिन मेरे 1 घंटे के शो के 15 या 20 सेकेंड के क्लिप को लेकर मुझपर कोई आरोप लगाता है तो ये गलत है। मेरी हिंदी अच्छी नहीं है। शब्दों में मैं कभी-कभी गलत हो सकता हूं लेकिन मेरे कहने का मतलब ये नहीं था।
वरिष्ठ पत्रकार ने कार्यक्रम में आगे कहा कि आप पूरी बात सुनिए। मैं पूरी बात में ये कह रहा हूं कि पुलिस पर दबाव कहां से आ रहा है। ये हमें पता करनी है। क्या सुशांत सिंह इतना बड़ा स्टार था कि पूरी पुलिस उसके दबाव में आई। उन्होंने आगे कहा कि सुशांत सिंह राजपूत महान स्टार था। उनकी धोनी फिल्म मैंने दो-तीन बार देखी। मैंने तब सुशांत सिंह का इंटरव्यू किया था। आज कई लोग जो सुशांत सिंह के पक्ष में हैं। मैं जानता हूं। फिल्म इंडस्ट्री वालों से पूछिए। वो सुशांत सिंह के साथ काम नहीं करना चाहते थे। क्योंकि उनके लिए सुशांत छोटा स्टार था।
राजदीप ने आगे कहा कि मैं जिस तरह से कहा उसमें कहीं ना कहीं गलत संदेश चला गया। मैं सुशांत सिंह को कम नहीं करना चाहता हूं। और किसी भी परिवार को अधिकार है निष्पक्ष जांच की।
गौरतलब है कि राजदीप के बयान को लेकर एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी उनकी आलोचना की थी। कंगना ने राजदीप सरदेसाई से पूछते हुए ट्वीट किया था कि सुशांत सिंह बड़े स्टार नहीं थे, महत्वपूर्ण नहीं थे तो फिर कौन बड़ा और मत्वपूर्ण है? कंगना ने कहा था कि तुम्हे शर्म आनी चाहिए राजदीप सरदेसाई।
कंगना के ट्वीट पर राजदीप ने भी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि पूरे शो को देखें न कि एक क्लिप जिसे आईटी सेल के प्रचार के अनुरूप संपादित किया गया है। सुशांत न्याय के हकदार हैं जैसा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक को है। लेकिन मीडिया सर्कस और चरित्र हत्या का वह हकदार नहीं हैं। वह लोगों से प्यार करता था और उनपर भरोसा करता था।
राजदीप सरदेसाई के इसी बयान पर हुआ था विवाद: ‘द लल्लन टॉप’ के एक कार्यक्रम में सौरव द्विवेदी के सवालों का जवाब देते हुए राजदीप सरदेसाई ने कहा कि मुंबई में पुलिस कमिश्नर हों या बिहार में डीजीपी हों, इन सबपर सवाल उठ रहे हैं। आप किस तरह की कार्रवाई कर रहे हैं। किसके इशारों पर करते हैं। क्या ये वाकई अब स्वतंत्र कार्रवाई कर पाते हैं? ईमानदारी से कहा जाए तो सुशांत सिंह इतने बड़े स्टार नहीं थे कि इतना दबाव आना चाहिए पुलिस पर। अगर इतना दबाव आया है तो क्यों आया है?