कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसान लवप्रीत सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक किसान के माता-पिता से मुलाकात कर उन्हें गले लगाया और कहा कि इन्हें न्याय मिलना चाहिए। इससे जुड़ी राहुल और प्रियंका गांधी की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस तस्वीर को साझा करते हुए हाल ही में फिल्म निर्माता विनोद कापरी ने भी ट्वीट किया है। इसके जरिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा।
विनोद कापरी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की फोटो ट्विटर हैंडल से साझा करते हुए लिखा, “सुना था कि प्रधानमंत्री किसी पार्टी का नहीं, देश का होता है। काश ऐसी तस्वीर भारत के प्रधानमंत्री की भी होती। काश भारत के प्रधानमंत्री सारी राजनीति भूलकर पीड़ितों को ऐसे गले लगाते।”
पत्रकार पुण्य प्रसून बाजपेयी ने उनकी तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, “दर्द की इंतहा…” पत्रकार साक्षी जोशी ने मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा, “भाजपा के मृतक कार्यकर्ताओं के घर जाना चाहती थीं प्रियंका गांधी। मोदी जी आप और किसी को नहीं तो अपने भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवार वालों को ही मिलकर गले लगा लीजिए।”
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, “लोकतंत्र के गार्डियन एंजल।” राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के इस कदम को लेकर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये। कुछ सोशल मीडिया यूजर जहां दोनों की तारीफें करते नजर आए तो वहीं कुछ लोगों ने उनका विरोध भी किया।
उदित नाम के यूजर ने लिखा, “पीड़ितों को गले लगाने के लिए बड़ा पद नहीं, बड़ी सोच होनी चाहिए और उनकी पीड़ा को समझने के लिए धड़कता दिल होना चाहिए। दुर्भाग्य से मोदी जी के पास स्पंदन करने वाला दिल केवल चुनावी मंच तक ही सीमित है।”
हेमंत पाठक नाम के यूजर ने लिखा, “सुना था राजनीतिक दल के लिए सभी राज्य मायने रखते हैं। काश ये तस्वीरें राजस्थान से भी होतीं, काश देश का विपक्ष सारी राजनीति भूलकर मौत को सिर्फ मौत समझता।” रोशन नारायण नाम के यूजर ने लिखा, “प्रधानमंत्री कोई भी हो, वह ऐसा कभी नहीं कर सकता है।”