कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर यूपी में हैं। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी बातचीत की है। उनके लखनऊ आने को लेकर बीजेपी नेता और यूपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि वो पिकनिक मनाने के लिए लखनऊ आई हैं। वहीं बॉलीवुड फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी प्रियंका गांधी पर तंज किया है।

उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में लिखा कि प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी को हरा दिया और अब वो अपनी मां को हराने वाली हैं। फिल्ममेकर ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि यही प्रियंका गांधी का मिशन यूपी है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘प्रियंका का मिशन यूपी: पिछली बार अमेठी दिया, आने वाले लोकसभा में हम रायबरेली भी देकर रहेंगे। हमें मिलकर प्रयास करना है भैया को हरा दिया मम्मी को हराना है और हमें अपना घर बचाना है। इस बार के विधानसभा चुनावों में इतनी हरकतें करनी है कि अगले लोकसभा चुनाव में मम्मी भी हार जाएं।’

बता दें, लोकसभा चुनाव 2019 में राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए थे। वहीं सोनिया गांधी ने रायबरेली में अपनी जीत दर्ज की थी। राहुल गांधी फिलहाल वायनाड से लोकसभा सांसद हैं।

प्रियंका गांधी ने अपने यूपी दौरे पर शनिवार सुबह एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, ‘उप्र कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश चुनाव समिति की बैठक। इस बार चुनाव समिति में वरिष्ठ सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और संगठन के पदाधिकारियों की भागीदारी के चलते बहुत सार्थक चर्चा हुई। सबकी भागीदारी, सबकी जिम्मेदारी के मंत्र के साथ कांग्रेस ने चुनावों के लिए जोरदार दस्तक दी है।’

प्रियंका गांधी के यूपी आगमन पर स्वतंत्र देव सिंह ने भी एक ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, ‘प्रियंका वाड्रा जी आज फिर से पिकनिक मनाने के लिए लखनऊ पधार रहीं हैं।’

बहरहाल, अशोक पंडित के ट्वीट पर यूजर्स भी अपनी राय दे रहे हैं। विवेक श्रीवास्तव नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘आप जैसे लोग बस इतनी ही सोच रख सकते हैं। जैसे कह देंगे और जनता हरा देगी । बीजेपी की चिंता ज्यादा सता रही है इसलिए डर लग रहा होगा उनकी सक्रियता देखकर।’

अभिषेक व्यास नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘इनके पूर्वजों ने जो पक्षपात का बीज बोता था वो अब पूर्ण रूप से पेड़ बन चुका है। बोया पेड़ बबूल का तो आम कहां से होए। उसी बीज का परिणाम है कि आज कांग्रेस खत्म हो गई।’ रफीक शाह नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘अंधभक्तों का हाल बंगाल जैसा होगा…200 पार।’