Poonam Pandey Death News: बॉलीवुड से बुरी खबर सामने आ रही है कि मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे का निधन हो गया है। इसकी जानकारी उनके इंस्टाग्राम पर से शेयर की गई है। उनकी मौत का कारण सर्वाइकल कैंसर बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर शेयर की गई पोस्ट में लिखा गया है कि उनका निधन आज सुबह ही हुआ है। पोस्ट में दुख जताते हुए लिखा गया है कि पूनम पांडे का सर्वाइकल कैंसर के चलते निधन हो गया है। साथ ही प्राइवेसी का अनुरोध भी किया गया है। ऐसे में पूनम की प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बारे में बता रहे हैं।
पूनम पांडे बॉलीवुड में आने से पहले मॉडलिंग करती थीं। उन्हें उनकी बोल्डनेस के लिए जाना जाता है। फिल्मों से ज्यादा उनका विवादों से नाता रहा है। एक समय पर उनकी बोल्डनेस के चर्चे इस कदर थे कि उनकी तुलना पूर्व एडल्ट स्टार सनी लियोनी से होने लगी थी। पूनम दिल्ली से ताल्लुक रखती हैं। उनका जन्म 11 मार्च, 1991 में दिल्ली में हुआ था। वो एक मिडिल क्लास फैमिली से थीं। उनकी पढ़ाई लिखाई भी दिल्ली में ही हुई थी।
कैसे की मॉडलिंग की शुरुआत?
पूनम पांडे के मॉडलिंग करियर की बात की जाए तो जब वो 18 साल का थीं तो उन्होंने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था और कैलेंडर गर्ल्स की मॉडल बन गई थीं। शुरुआत से ही वो अपनी बोल्डनेस को लेकर काफी सुर्खियों में रही हैं। लाइमलाइट में रहने का शौक उन्हें शुरू से ही रहा है।
बॉलीवुड में नहीं मिली सफलता
पूनम पांडे ने अपने करियर में छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक पर काम किया है। लेकिन, कामयाबी शिखर वो कभी चूम नहीं पाईं। साल 2013 से एक्ट्रेस ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘नशा’ थी। इसके बाद वो ‘द जर्नी ऑफ कर्मा’, ‘मलिनी एंड कंपनी’ और ‘दिल बोले हडिप्पा’ जैसी फिल्मों में काम किया। इसके साथ ही एक्ट्रेस ने टीवी पर ‘मेरी आशिकी तुमसे ही’, ‘नजदीकियां’ और ‘फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी’ में काम किया था। बावजूद इसके उन्हें एक्टिंग करियर में कभी सफलता नहीं मिली।
अपने करियर को लेकर एक बार पूनम ने खुलासा किया था। उन्होंने बताया था कि शुरुआत में लोग उन्हें विवादों में रहने की सलाह देते थे। इस पर वो अमल भी करती थीं। इतना ही नहीं वो सक्सेस पाने के लिए बोल्डनेस की भी हदें पार कर जाती थीं। लेकिन फिर भी एक्ट्रेस को कभी सफलता हासिल नहीं हुई।
विवादों से रहा पुराना नाता
पूनम पांडे का विवादों से पुराना नाता रहा है। वो उस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं, जब 2011 में एक्ट्रेस ने न्यूड होने का ऐलान किया था। पूनम ने साल 2011 में हुए वर्ल्ड कप के दौरान ऐलान किया था कि अगर टीम इंडिया खिताब जीतती है तो वो अपनी प्राइवेट फोटोज को शेयर करेंगी। इस पर खूब बवाल मचा था। लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया था और खरी-खोटी सुनाई थी।
12 दिन में टूटी थी शादी
इसके अलावा पूनम पांडे जहां प्रोफेशनल लाइफ में असफल रहीं वहीं, उनकी पर्सनल लाइफ भी कुछ ठीक नहीं रही। 32 साल की उम्र में भी वो आखिरी घड़ी तक अकेली ही रहीं। उन्होंने साल 2020 में बॉयफ्रेंड सैम बॉम्बे से शादी की थी। लेकिन, इनका रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं पाया। उन्होंने शादी के 12 दिन बाद ही पति पर संगीन आरोप लगाए थे और गोवा पुलिस ने सैम को गिरफ्तार कर लिया था।
