Parineeti-Raghav Wedding Reception: परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा ने 24 सितंबर को उदयपुर में शादी कर ली है। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस उनके रिसेप्शन लुक को देखने के लिए बेताब हैं। शादी से कुछ समय पहले एक इंविटेशन कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जो कथित तौर पर राघव-परिणीति के रिसेप्शन का था। उसमें दी गई जानकारी के मुताबिक कपल 30 सितंबर को चंडीगढ़ में रिसेप्शन करने वाला था। लेकिन अब जो बात सामने आ रही है वो ये कि दोनों का वेडिंग रिसेप्शन चंडीगढ़ नहीं, बल्कि मुंबई में होगा।

खबर ये भी आ रही थी कि ये कपल दिल्ली में भी एक रिसेप्शन देगा, जिसमें राघव चड्ढा से जुड़े लोग और राजनेता शामिल होंगे। लेकिन न्यूज 18 की रिपोर्ट की मानें तो ये न्यूली वेड कपल मुंबई में एक ग्रैंड रिसेप्शन देगा, जो इस महीने नहीं बल्कि अक्टूबर की 4 तारीख को होगा। इसमें ज्यादातर बॉलीवुड से जुड़े लोग, बिग स्टार्स और परिवारों के अलावा रिश्तेदार शामिल होंगे। ऐसे में अब फैंस को उम्मीद है कि प्रियंका चोपड़ा भी इस पार्टी में शामिल हो सकती हैं।

प्रियंका की मां ने बताया था कारण

दरअसल प्रियंका चोपड़ा, परिणीति की सगाई में तो शामिल हुई थीं, लेकिन वह शादी में नहीं आ पाईं। उन्होंने बहन के जीवन की इस नई शुरुआत के लिए उन्हें ढेर सारी बधाई दी थी। प्रियंका की मां मधु चोपड़ा इस शादी का हिस्सा थीं। जब वह उदयपुर से लौट रही थीं तो पैपराजी ने उनसे प्रियंका के न आने का कारण पूछा। ऐसे में उन्होंने बताया कि वर्क कमिटमेंट के कारण वह शादी में नहीं आ पाईं।

परिणीति चोपड़ा और उनका परिवार 22 सितंबर को ही उदयपुर पहुंच गया था। इसके साथ ही रिश्तेदारों और करीबी लोगों का आना जाना भी लगा रहा। एयरपोर्ट पर परिणीति-राघव के बड़े से पोस्टर के साथ ढोल नगाड़ो समेत मेहमानों का स्वागत किया गया। इसके बाद 23 सितंबर को संगीत और महंदी का फंक्शन हुआ। जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल होते ही फैंस खुशी से झूम उठे।

संगीत में परिणीति बेहद खुश और बॉलीवुड के गानों पर थिरकती हुईं नजर आ रही थीं। इसके साथ ही वह अपनी शादी में भी बेहद खूबसूरत लग रही थीं। एक्ट्रेस ने बेज कलर का एंब्रॉयडरी वाला लहंगा पहना था। इसके साथ ही मिनिमल मेकअप और हेवी ज्वेलरी के साथ परिणीति का लुक किसी प्रिंसेस से कम नहीं था। राघव ने भी उनसे मैचिंग शेरवानी पहनी थी। दोनों के चेहरे पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी।