‘यूपी में का बा’ गाने वाली लोक गायिका नेहा सिंह राठौर अक्सर भाजपा पर निशाना साधती नजर आती हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि लोकसभा चुनाव 2024 में नेहा सिंह को कांग्रेस की ओर से मैदान में उतारा जा सकता है। भोजपुरी सिंगर मनोज तिवारी को एक बार फिर उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा ने टिकट दिया है। भोजपुरी स्टार रवि किशन गोरखपुर से चुनाव लड़ रहे हैं और दिनेश लाल निरहुआ की सीट का अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन नेहा सिंह ट्विटर के जरिए इन सबपर और भारतीय जनता पार्टी पर लगातार निशाना साध रही हैं। नेहा का कहना है कि भाजपा अश्लील भोजपुरी गाना गाने वाले गायकों को जल्द चुनाव लड़ने के लिए टिकट दे देती है। उनका सवाल है कि क्या बीजेपी भोजपुरी को बर्बाद करना चाहती है।
नेहा ने अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह दिनेश लाल निरहुआ और मनोज तिवारी के अश्लील गानों के बोल गुनगुनाते हुए उनपर तंज कस रही हैं। साथ में कैप्शन में नेहा ने लिखा,”क्या भाजपा ने भोजपुरी को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है? जो जितना ज्यादा अश्लील भोजपुरी गीत गाता है, भाजपा उसे उतना जल्दी टिकट देकर चुनाव लड़वाती है।”
अन्य ट्वीट में नेहा ने लिखा,”पहले भोजपुरी में अश्लील गीत गाओ, बेटियों का भद्दा मजाक उड़ाओ, फिर भाजपा के टिकट पर संसद जाओ। बेटी बचाओ का नारा लगाओ, यही क्रोनोलॉजी है न?” इस ट्वीट में नेहा ने मनोज तिवारी के साथ-साथ स्मृति ईरानी, जेपी नड्डा और पीएम नरेंद्र मोदी को टैग किया है।
एक और ट्वीट करते हुए नेहा ने लिखा,”मनोज तिवारी जैसे अश्लील गायकों को बढ़ावा देकर भाजपा ने भोजपुरी अस्मिता का अपमान किया है। पूर्वांचल के सभी लोगों को ये बात जाननी चाहिए कि मनोज तिवारी जैसे लोग कभी भी समाज के रोल मॉडल नहीं हो सकते हैं।” नेहा ने रवि किशन के ‘रिमोट से’ वाले गाने का वीडियो शेयर करते हुए उनपर भी कटाक्ष किया है।
बता दें कि इस वक्त भोजपुरी इंडस्ट्री के चार स्टार रवि किशन, मनोज तिवारी, दिनेश लाल निरहुआ और पवन सिंह के चुनाव लड़ने की खबर पर नेहा सिंह लगातार निशाना साधे हुए हैं। उन्होंने चारों को लेकर ट्वीट में लिखा,”भोजपुरी के ये चारों खंबे अगर भाजपा में आकर सांसद बन जाते तो महिलाओं का कितना कल्याण कर सकते थे! बेटी बचाओ का नारा बुलंद कर सकते थे।”