लोक गायिका भाजपा पर निशाना साधती आई हैं। जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, उनके कटाक्ष बढ़ते जा रहे हैं। वह ‘यूपी में का बा?’ गाना गाकर सुर्खियों में आई थीं और अब वह देश में क्या है इसपर गाना बनाने की बात कर रही हैं। उन्होंने ये भी कहा है कि चुनाव जीतने के लिए सरकार ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया, लेकिन ये दांव उल्टा पड़ गया। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि सरकार चीन या पाकिस्तान से युद्ध भी करवा सकती है।

नेहा ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा है, “इतिहास गवाह रहा है कि काबिल बाप-दादाओं ने अपनी सूझबूझ और मेहनत से घर की संपत्ति और संपन्नता बढ़ाई है लेकिन उनकी नालायक और अनपढ़ औलादों ने बनी-बनी संपत्ति बेची हैं। ये नालायक औलादें अपने कुकर्मों को छुपाने के लिए अपनी पिछली पीढ़ियों को खूब गालियां भी देती हैं। लेकिन अगर कोई पड़ोसी उसकी जमीनें कब्जा कर ले तो डर के मारे उसकी बोली नहीं निकलती। अगर आप ऐसे किसी आदमी को जानते हैं तो कमेंट बॉक्स में उसका नाम बतायें। ये भी कि उसने क्या-क्या बेचा और किसे गाली दी?”

इसके बाद नेहा ने लिखा, “मैं फिर से कह रही हूं, इन्होंने अधूरे राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा अतिउत्साह में पहले ही करवा दी। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का दांव इन्हें उल्टा पड़ चुका है और इलेक्टोरल बॉण्ड घोटाले में ये खुद फंसते जा रहे हैं। अब चुनाव जीतने के लिए ये चीन या पाकिस्तान से युद्ध करेंगे या फिर देश भर में साम्प्रदायिक दंगे करवायेंगे। सावधान रहना है।”

अन्य ट्वीट में नेहा ने यूजर्स से सवाल करते हुए लिखा, “भाइयों और बहनों… ‘देसवा में का बा?’ आना चाहिए या नहीं? कब तक आना चाहिए? किन मुद्दों के साथ आना चाहिए?” इसके जवाब में नेहा को तमाम लोगों ने ट्रोल किया है। अनुराग राव ने लिखा, “नहीं आना चाहिए , तुम से अच्छा तो ढिंचक पूजा ही गाती है।”

भाजपा सरकार के साथ ही नेहा, बाबा रामदेव पर भी निशाना साध रही हैं। उन्होंने रामदेव का जिक्र करते हुए भी कई ट्वीट किए हैं। एक में उन्होंने लिखा, “आयुर्वेद के नाम पर बाबा रामदेव ने पूरे देश को ठगा। अंग्रेजी दवाइयों का सैंपल फेल हो गया तो बदले में उनसे इलेक्टोरल बॉन्ड से चंदा लिया गया। वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से पचासों करोड़ का चंदा क्यों लिया गया ये कोई नहीं जानता। जबकि यही वैक्सीन लगाने के बाद चलते-फिरते लोग हार्ट अटैक से मरने लगे। देश की डेढ़ अरब आबादी की सेहत का मज़ाक़ बना दिया गया है… लेकिन लोग ‘अब्दुल’ को टाइट करने में मगन हैं। कुएं में ही भांग पड़ी है।”