द कश्मीर फाइल्स के बाद जमकर सुर्खियों में आए इस फिल्म के निर्माता विवेक अग्निहोत्री आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह लगभग हर मुद्दे पर अपनी राय रखते नजर आते हैं।
बीते दिनों निर्माता की फिल्म द कश्मीर फाइल्स को फिल्मफेयर नॉमिनेशंस में 7 अलग-अलग कैटेगरी के लिए नॉमिनेट किया गया, लेकिन उन्होंने अवॉर्ड शो से कुछ घंटे पहले ही इसका बहिष्कार करते हुए ट्वीट किया था। वहीं अब डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री को एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एक फिल्म बनाने की सलाह दी है।
दिग्गी ने विवेक अग्निहोत्री को 2014 के बाद की स्थितियों पर फिल्म बनाने की सलाह दी है। जिस पर फिल्ममेकर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कांग्रेस नेता के ट्वीट पर टिप्पणी करते हुए लिखा कि अगर सब कुछ वह ही बना लेंगे, तो बॉलीवुड वाले क्या करेंगे।
दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए क्या लिखा था
दिग्विजय सिंह ने हाल ही में ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘विवेक अग्निहोत्री जी, आप एक सफल फिल्म निर्माता हैं और जो Trilogy आप बना रहे हैं उस ‘दिल्ली फाइल्स’ के साथ एक और फिल्म अवश्य बनायें, जिसकी शुरुआत 2014 से हो सकती है। ‘ठग्स ऑफ मॉर्डन इंडिया’। ब्लॉकबस्टर होगी।’
दिग्गी ने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि ‘उदाहरण के लिए किरण पटेल, संजय शेरपुरिया नीरव मोदी, मेहूल चौकसी और भी कई हो सकते हैं। केवल आप को कुछ निष्पक्ष रिसर्च करना होगा। इसकी शूटिंग की लोकेशन गुजरात में ही होना चाहिए। फंड की कोई दिक्कत नहीं होगी। पूर्व के आप के मित्रों में ‘द केरल स्टोरी’ के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह भी अब जुड़ गए हैं। यह भी गुजरात के ही हैं।’
विवेक अग्निहोत्री ने क्या कहा
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘सोच रहा हूँ क्यों ना उसके पहले ‘Pidi Files’ बनायी जाये। पर आपके मालिक तो आपको Pidi बनने के काबिल भी नहीं समझते। कई लोग कह रहे हैं “धोबी का कुत्ता ना घर का ना घाट का’ बना दी जाये। अच्छा एक और बात, अगर सब कुछ मैं ही बनाऊँगा तो Bollywood में जो आपके प्यादे हैं वो क्या करेंगे?’