मशहूर कवि और आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता कुमार विश्वास के घर 20 अप्रैल की सुबह पंजाब पुलिस पहुंची थी। इस बात की जानकारी खुद कुमार विश्वास ने ट्विटर के जरिए दी थी। उन्होंने पंजाब के सीएम भगवंत मान को भी चेताया था। उन्होंने लिखा था, ”तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताकत से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा।”

अब कुमार विश्वास ने रामायण की एक चौपाई की कुछ पंक्तियों के जरिये तंज कसा है। उन्होंने लिखा,”समय की आहटें सुनिए और निश्चित रहिए। ‘जौं मैं राम त कुल सहित कहिहि दसानन आइ’।”

कुमार के इस ट्वीट के बाद यूजर्स उनसे तरह-तरह के सवाल करने लगे। कुछ लोगों ने अरविंद केजरीवाल के पुराने ट्वीट शेयर किए हैं। तो किसी ने कुमार पर तंज कसा है।

सुदर्शन ठाकुर ने लिखा,” कुमार विश्वास जी, पंजाब पुलिस आपकी सेवा में हाजिर है। अब कोई विक्टिम कार्ड मत खेलो। आप ये दावा नहीं कर सकते कि आप अपने भाग्य के निर्माता हैं और साथ ही अपनी समस्याओं के लिए दूसरों को दोष देते हैं।” अनुराग पारेख ने लिखा,”मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा। क्या पंजाब पुलिस आपके घर आई? किस लिए? AAP, मुझे लगता है कि हालात बदतर होने वाले हैं।”

अभिनंदन कुमार ने लिखा,”अरे मतलबी इंसान, सांसद बनने की मनोकामना पूरी ना हुई तो विभीषण क्यों को बन रहे हो? पत्नी से तलाक हो जायेगा तो क्या आप पूर्व पत्नी के साथ बुरा करोगे? बुलडोजर पर क्या राय है आपकी? है दम इसपर बयान देने की? एक वक्त था जब मैं आपका दीवाना हुआ करता था।”

बता दें कि कुमार विश्वास के घर पुलिस पहुंचने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कभी आम आदमी पार्टी का हिस्सा रहे पत्रकार आशुतोष ने इस मामले में अरविंद केजरीवाल की कड़ी निंदा की है। वहीं, भाजपा नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पर सत्ता का अहंकार सवार हो गया है।

क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान कुमार विश्वास ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कई आरोप लगाये थे। इसी मामले में पंजाब पुलिस ने कुमार विश्वास के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कुमार विश्वास ने दावा किया था कि अरविंद केजरीवाल एक स्वतंत्र देश ‘खालिस्तान’ के प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं।