दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कथित शराब घोटाला मामले में सीबीआई ने नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए आज यानी 17 अक्टूबर को बुलाया है। सीबीआई के नोटिस पर आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजेपी नेताओं में जुबानी जंग शुरू हो गई है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्र के खिलाफ अपनी सरकार की लड़ाई को ‘दूसरा स्वतंत्रता संघर्ष’ बताया और मनीष सिसोदिया तथा सत्येंद्र जैन की तुलना क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह से की। केजरीवाल के इस बयान पर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। इसी बीच फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी भड़कते हुए ट्वीट किया है।

अशोक पंडित ने किया ट्वीट

जाने माने फिल्ममेकर अशोक पंडित ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘यह किसने कह दिया कि भगत सिंह चोर थे? आपके साथियों ने डकैती की है और भगत सिंह जी ने हमें आज़ादी दिलाई। थोड़ा ट्यूशन ले लो।’

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया यूजर्स भी अशोक पंडित के ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। रजनीकांत नाम के यूजर ने लिखा कि ‘ईमानदारी के नाम पर लूटना और भाईचारे की आड़ में दंगे भड़काना यही है अलग राजनीति?।’ एक यूजर ने लिखा कि ‘विनाश काले विपरीत बुद्धि। पहले खुद को कृष्ण और अब अपनी सेना को भगत सिंह बताने वाले का अंत परिणाम निश्चित है।’

योगेश नाम के यूजर ने लिखा कि ‘आदरणीय लोकनायक, एक हवालाबाज़ है, दूसरे पर शराब घोटाले का आरोप है जो आपकी सरकार के सचिव के कहने पर लगे हैं। ऐसे भ्रष्ट लोगों की तुलना कृपया शहीद भगत सिंह से कर उनका अपमान न करें।’ कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि ‘केजरीवाल जी, सत्येंद्र जैन को जमानत नही मिल रही वो अभी भी आपको वो ईमानदार दिख रहे हैं।’ हिमांशु नाम के यूजर ने लिखा कि ‘ये तो भगत सिंह का अपमान हुआ मुख्यमंत्री जी। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे आरोपियों की तुलना करोड़ों भारतीयों के दिलों में बसने वाले शहीद भगत सिंह से कृपया न करिए।’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने क्या कहा था?

दरअसल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि ‘जेल की सलाख़ें और फांसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाये। यह आज़ादी की दूसरी लड़ाई है। मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं। 75 साल बाद देश को एक ऐसा शिक्षा मंत्री मिला, जिसने ग़रीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद जगाई। करोड़ों ग़रीबों की दुआएं इनके साथ हैं।’