पंजाब कांग्रेस में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर वह लोगों के निशाने पर आ गए हैं। इस वीडियो को लेकर कहा जा रहा है कि उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ अपशब्द कहें हैं। इस बात पर अकाली दल ने भी नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधा। वहीं हाल ही में बॉलीवुड के मशहूर एक्टर कमाल राशिद खान ने भी राहुल और प्रियंका से सिद्धू को सस्पेंड करने पर सवाल किया।

कमाल राशिद खान ने नवजोत सिंह सिद्धू को आड़े हाथों लेते हुए ट्वीट में लिखा, “प्रिय प्रियंका गांधी और राहुल गांधी, अगर सिद्धू खुलेआम सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को अपशब्द कह रहे हैं तो आप लोग उन्हें सस्पेंड क्यों नहीं कर रहे हैं? क्या सीएम को इस तरह अपशब्द कहना स्वीकार्य है। मुख्यमंत्री के लिए कुछ तो सम्मान रखिए।”

कमाल राशिद खान के इस ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये। आर्क नाम के यूजर ने कमाल राशिद खान पर तंज कसते हुए लिखा, “जैसे आपके मन में सीएम योगी और पीएम मोदी के लिए सम्मान है?” राहुल नाम के यूजर ने लिखा, “दलित समुदाय के प्रति उनके स्नेह का भंडा फूट चुका है।” वहीं कुछ यूजर ने कमेंट कर वीडियो को नकली भी बताया।

बता दें कि वायरल वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस इकाई के कार्यकारी सुखविंदर सिंह डैनी से बातचीत करते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर ये भगवंत सिंह सिद्धू के बेटे नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम बनाने तो फिर दिखाता सक्सेस किसे कहते हैं। वीडियो में नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब के मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए दिखाई दिए।

नवजोत सिंह सिद्धू ने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के बारे में बात करते हुए कहा था, “साल 2022 में ये कांग्रेस को ही डुबो देंगे।” हालांकि सिद्धू के इस वीडियो की अभी तक पुष्टि नहीं हो पाई है, साथ ही खुद कांग्रेस नेता सहित राहुल व प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।