सलमान खुर्शीद द्वारा हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और बोकोहरम से करने के बाद कांग्रेस भाजपा जैसे विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई थी। सलमान खुर्शीद के बाद अब राहुल गांधी भी अपने बयान को लेकर काफी चर्चा में हैं। राहुल गांधी ने कहा, “आखिर हिंदू धर्म और हिंदुत्व में क्या अंतर है, क्या वे एक बातें हैं।” इन बातों को लेकर आज तक के ‘दंगल’ में भी चर्चा हुई, जहां भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे में भी जमकर बहसबाजी हुई। डिबेट के बीच ही संबित पात्रा ने प्रियंका गांधी की तुलना राधे मां से भी की।
कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे ने पीएम मोदी और मोहन भागवत के बयानों का जिक्र करते हुए कहा, “खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा में कहा था कि हिंदू धर्म नहीं है जीवन पद्धति है। मोहन भागवत ने भी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मंच से कहा था कि हिंदू धर्म नहीं जीवन पद्धति है। इसलिए राहुल गांधी ने कहा कि हमारा हिंदू धर्म हमारे सनातनी हिंदू धर्म से अलग है।”
अभय दुबे ने भाजपा पर तंज कसते हुए आगे कहा, “इन्होंने रामायण नहीं पढ़ी, जिसमें कालनेमी राक्षस को रावण ने कहा था कि रामनाम का जाप करना और हनुमान को संजीवनी लाने से रोकना। भारतीय जनता पार्टी ने अगर रामायण पढ़ी होती तो उन्हें कुछ शिक्षा उनसे जरूर मिलती।” कांग्रेस प्रवक्ता की बात पर संबित पात्रा ने भी जवाब दिया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “हम तो इटेलियन हैं हम कहां से रामायण पढ़ेंगे, ये तो हिंदुस्तानी हैं। ये आज यहां श्लोक पढ़ रहे हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि भगवान राम के मंदिर के विषय में सुनवाई मत कीजिए क्योंकि चुनाव आने वाले हैं। ये वही लोग हैं, जिन्होंने भगवान राम के अस्तित्व को नकार दिया था। जब चुनाव आ जाता है तो ये गले में भगवा पटका डाल लेते हैं।”
प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए संबित पात्रा ने आगे कहा, “2019 में लोकसभा चुनाव से पहले मैं तीन दिनों तक यह नहीं समझ पाया कि ये प्रियंका गांधी हैं या राधे मां हैं। तीन दिन बाद मालूम पड़ा था कि ये प्रियंका गांधी हैं।” उनकी बात का जवाब देते हुए अभय दुबे ने कहा, “आप समझ ही नहीं सकते। मोदी जी जूते पहनकर बदरीनाथ की परिक्रमा कर रहे हैं, वो कहां लिखा है। धर्म का आचरण नहीं धर्म का दिखावा करते हो आप।”