India Independence Day 2020 Songs: पूरे देश में आज यानी शनिवार को 74वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) मनाया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस एक ऐसा दिन है, जिस पर हर भारतीय को गर्व होना चाहिए। इसी दिन 1947 में भारत को अंग्रेजों से आजादी मिली थी और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा लहराया था। स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर ऐसे कई गाने हैं जिसे सुनकर न केवल गर्व महसूस होता है, बल्कि दिल में जोश भी भर जाता है। बॉलीवुड गानों की एक सूची है जो आजादी की गाथा बखूबी सुनाते हैं…

तेरी मिट्टी: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की फिल्म केसरी का गाना तेरी मिट्टी एक देशभक्ति हिंदी गीत है। बी प्राक द्वारा गाए गए इस गाने को सुनकर आपके दिल में जोश भर जाएगा। केसरी फिल्म 1897 में हुई सारागढ़ी की लड़ाई पर
आधारित है। इस गाने के बोल मनोज मुतंशिर ने लिखे हैं जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था।

ऐ मेरे वतन के लोगों: भारत की कोकिला लता मंगेशकर की आवाज में गाया गया ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ ऐसा गीत है, जिसे सुनकर शायद ही किसी की आंखें नम न हुईं हों। लता मगेंशकर जी की आवाज में यह गाना आपके अंदर देशभक्ति की भावना को उजागर करने के लिए काफी है। आजादी की गाथा ने इस गीत को और भी खूबसूरत बना दिया है।

मेरा रंग दे बसंती चोला: अजय देवगन की फिल्म द लीजेंड ऑफ भगत सिंह का यह गीत काफी शानदार है। इस गाने को सोनू निगम ने अपनी आवाज दी है वहीं इस गाने के हर लफ्ज आजादी से जुड़े हैं, जिसे सुनकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं।

जब जीरो दिया मेरे भारत ने: बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार मनोज कुमार की फिल्म पूरब और पश्चिम (1970) का यह गाना देशभक्ति की भावना से भरपूर है। इस फिल्म में अशोक कुमार, सायरा बानो, मनोज कुमार, प्राण, निरूपा रॉय, प्रेम चोपड़ा और विनोद खन्ना की अहम भूमिका में नजर आए थे।

मां तुझे सलाम: मां तुझे सलाम फिल्म के इस गाने को ए आर रहमान ने अपनी आवाज दी है। इस गाने के हर लफ्ज आजादी से जुड़े हैं। इस गीत में अपने देश के प्रति प्यार जताया गया है, साथ ही उसे सलाम भी किया गया है।

मेरे देश की धरती: मनोज कुमार की फिल्म उपकार का यह गाना देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत है। यह गाना अपने समय के सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों में से एक है। इस गाने की पॉपुलैरिटी इतनी है कि इसे आज भी हर मंच पर सुना जाता है।

संदेशे आते हैं: बॉर्डर फिल्म का यह गाना देशभक्ति से भरा हुआ है। इस गाने के बोल काफी शानदार हैं जिसे जावेद अख्तर ने लिखा था। वहीं इस गाने को संगीत अनु मलिक ने दिया था। रूपकुमार राठौड़ और सोनू निगम ने इस गाने को गाया था।