Happy Birthday Randeep Hooda Career: बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा (Randeep Hooda) को ‘सरबजीत’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। वो इंडस्ट्री के ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपने किरदार को जीवंत करने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा दी थी। उन्होंने पर्दे पर ना केवल ऐक्शन ही दिखाया है बल्कि रोमांस भी किया है। उन्हें उनके दमदार अभिनय के लिए पसंद किया जाता है। आज वो एक सफल एक्टर के तौर पर गिने जाते हैं। लेकिन ये उनके लिए आसान नहीं था। पिता को ये ना मंजूर था, लेकिन उनके खिलाफ जाकर उन्होंने एक्टर बनने का फैसला किया था। एक्टर को संघर्ष के दिनों में टैक्सी तक चलानी पड़ी। उन्होंने रेस्त्रां में भी काम किया।

दरअसल, रणदीप हुड्डा आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 20 अगस्त, 1976 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था। उनके पिता एक सर्जन थे और मां सोशल वर्कर। एक्टर का एक भाई है, जो कि सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। एक बहन भी हैं, जो पापा की तरह ही डॉक्टर हैं। परिवार में ये किसी को नहीं पता था कि उनका एक बेटा फिल्मों में भी काम करेगा। लेकिन जब किस्मत को कुछ और ही मंजूर हो तो फिर चाहे जितना हाथ-पैर पटक लो। होता वही है, जो तय होता है।

टैक्सी चलाई और रेस्त्रां में काम किया

रणदीप ने अपनी पढ़ाई ऑस्ट्रेलिया से की है। उन्होंने मार्केटिंग और मास्टर्स इन बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान ही वो एक चाइनीज रेस्टोरेंट में काम किया करते थे। गाड़ी साफ करते थे। यहां तक कि वो अपना खर्च चलाने के लिए टैक्सी भी चलाते थे। पढ़ाई के दो साल बाद जब वो इंडिया लौटे तो उनकी एयरलाइन्स के मार्केटिंग डिपार्टमेंट में नौकरी मिल गई।

डॉन बनकर फेमस हुए थे रणदीप हुड्डा

रणदीप हुड्डा ने साल 2001 में करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली फिल्म ‘मानसून वेडिंग’ थी। इसमें उन्होंने एनआरआई का किरदार निभाया था। इस फिल्म में काम करने के चार साल बाद उनके हाथ किस्मत का पिटारा लगा। उन्होंने 2005 में अंडरवर्ल्ड पर बनी फिल्म ‘डी’ में काम किया। इसमें एक्टर ने डॉन बनकर काफी सुर्खियां बटोरी। इसे उनके करियर में मील का पत्थर माना जाता है। इसके बाद वो साल 2016 में ऐश्वर्या राय के साथ फिल्म ‘सरबजीत’ में दिखे। इसमें उन्होंने एक भारतीय का किरदार निभाया था, जो 22 साल पाकिस्तान की जेल में बंद रहा। इस मूवी से एक्टर ने सभी का दिल जीत लिया था। इसमें सरबजीत के किरदार के लिए उन्होंने अपना जान तक दांव पर लगा दी थी। रणदीप ने फिल्म के लिए महज 28 दिनों में 18 किलो वजन कम किया था।

पापा के खिलाफ जाकर शुरू किया था करियर

रणदीप हुड्डा ने परिवार के खिलाफ जाकर एक्टिंग में करियर बनाया है। उनके माता-पिता चाहते थे कि वो डॉक्टर बनें। इसलिए ही तो उन्हें दिल्ली के आर के पुरम में पढ़ाई के लिए भेज दिया गया था। लेकिन एक्टर का मन तो एक्टिंग में ही लगता था। वो डॉक्टर नहीं बनना चाहते थे।