Swiss New Year Bar Fire: स्विट्जरलैंड के क्रान्स-मोंटाना में नए साल के दिन ले कॉन्स्टेलेशन बार में हुए धमाके में लगभग 40 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बार के पास मौजूद चश्मदीदों ने भयावह पलों को याद किया है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे।

बार के पास रहने वाले एक शख्स ने बताया कि पार्टी पूरे जोश में चल रही थी, म्यूजिक बज रहा था और जश्न जारी था। उन्होंने स्विस मीडिया को बताया, “हर तरफ खुशी और हंसी का माहौल था। फिर अचानक लोग चीखने-चिल्लाने और भागने लगे।” एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि शुरुआत में तो यह समझना काफी मुश्किल हो रहा था कि क्या हो रहा है। उन्होंने कहा, “आतिशबाजी के कारण, हमें पहले समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। फिर हमने धुआं देखा। यह भयानक है, उस बार में बहुत सारे युवा जाते हैं।”

लोग चिल्ला रहे थे- चश्मदीद

इलाके में मौजूद टूरिस्टों ने भी अपने अनुभव शेयर किए। न्यूयॉर्क से आए एक टूरिस्ट ने इमारत से निकलती हुई लपटों का वीडियो बनाया और बताया कि उन्हें लोगों के मदद के लिए पुकारने की आवाजें सुनाई दे रही थीं। उन्होंने एएफपी को बताया, “लोग भाग रहे थे, चिल्ला रहे थे, बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।” इमरजेंसी सर्विस घटनास्थल की ओर तेजी से बढ़ रही थीं और हेलीकॉप्टर ऊपर चक्कर लगाते नजर आ रहे थे।

ये भी पढ़ें: नए साल पर स्विट्जरलैंड में हुआ धमाका, करीब 40 लोगों की मौत, स्टेट इमरजेंसी घोषित

सुबह के शुरुआती घंटे उत्सव से त्रासदी में बदल गए, पड़ोसियों ने उसके बाद छाए सन्नाटे और सदमे को याद किया। एक अन्य स्थानीय व्यक्ति ने कहा, “हमें दूर से सायरन की आवाज सुनाई दे रही थी। मेरे आस-पास के लोग स्तब्ध, चिंतित और चुप थे।” एंबुलेंस घंटों तक सड़कों पर खड़ी रहीं और आग बुझने के काफी देर बाद तक भी हल्का-हल्का धुआं नजर आ रहा था।

स्विट्जरलैंड में पांच दिन का शोक

अधिकारियों ने इस बात पर जोर दिया है कि आग लगने का कारण हमला नहीं माना जा रहा है। पुलिस आग लगने के सटीक कारण की जांच में जुटे हैं, जबकि स्विट्जरलैंड भर के अस्पताल घायलों का इलाज कर रहे हैं। पीड़ितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। देश के राष्ट्रपति गाय पार्मेलिन ने इस आगजनी को स्विट्जरलैंड के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया। उन्होंने कहा, “यह एक अभूतपूर्व त्रासदी थी।” राष्ट्रपति ने आगे कहा कि स्विट्जरलैंड का यह कर्तव्य है कि वह उन युवाओं के प्रति जवाबदेह हो, जिनकी “आशाएं और सपने” असमय समाप्त हो गए, यह सुनिश्चित करे कि ऐसी त्रासदी फिर कभी न हो।