90 के दशक में बॉलीवुड में बहुत से कलाकार आए। इसमे कुछ ने एकाध फिल्म की और गायब हो गए तो कुछ ने स्क्रीन पर अपनी धाक ही जमा ली। इसी में से एक स्टार किड करिश्मा कपूर रही हैं। एक समय था जब उनके घर पर मेकर्स की लाइन लगी रहती थी। सनी देओल से लेकर सलमान खान, जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी और गोविंदा जैसे स्टार्स के साथ एक से बढ़कर एक हिट दी है। उन्होंने इंडस्ट्री में करियर की शुरुआत 16 साल की उम्र में ही की थी। उनकी डेब्यू फिल्म ‘प्रेम कैदी’ थी। इस फिल्म के लिए उन्हें खूब सराहना मिल रही थी। लेकिन, उनके चाचा ऋषि कपूर उनसे नाखुश थे। वजह थी कि उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म में स्विमसूट पहना था। चाचा की नाराजगी को लेकर अभिनेत्री ने एक बार जवाब भी दिया था।

दरअसल, करिश्मा कपूर आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। वो 51 साल की हो चुकी हैं। उनका जन्म 25 जून 1974 को मुंबई में हुआ था। वह अभिनेता रणधीर कपूर और बबीता की बेटी हैं। उन्होंने महज 16 साल की उम्र में ‘प्रेम कैदी’ से करियर की शुरुआत की, जो साल 1991 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म से जुड़ा एक्ट्रेस और उनके चाचा ऋषि कपूर से जुड़ा एक किस्सा काफी चर्चा में रहा है। फिल्म में अभिनेत्री ने पहली बार स्क्रीन पर स्विमसूट पहना था, जिस पर ऋषि ने नाराजगी जाहिर की था। इस पर करिश्मा जवाब भी दे चुकी हैं।

करिश्मा कपूर ने एक बार ‘स्टारडस्ट’ से बातचीत के दौरान ऋषि कपूर की नाराजगी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। एक्ट्रेस ने कहा था कि जब लोग ‘प्रेम कैदी’ देखकर थिएटर के बाहर निकले तो उनमें से किसी को भी उनका स्विमिंग कॉस्ट्यूम याद नहीं था। हर कोई थिएटर से बाहर आने के बाद उनकी एक्टिंग की बात कर रहा था। चाचा की नाराजगी पर अभिनेत्री ने बेबाकी से जवाब देते हुए कहा था कि जब उनके पेरेंट्स को इससे कोई दिक्कत नहीं थी तो किसी और को क्यों होनी चाहिए? करिश्मा कपूर अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा था कि लोग क्या चाहते थे वो क्या करें? बेबाक अंदाज में कहा था कि अब साड़ी पहनकर पूल में कूदूं? इसे उन्होंने बेवकूफाना बताया था। साथ ही करिश्मा ने सवाल करते हुए कहा था कि आखिर स्विमसूट पहनने में क्या बुराई है? क्या दूसरे नॉर्मल टीनेजर इसे नहीं पहनते?

करिश्मा कपूर को पिता ने दी थी नसीहत

करिश्मा कपूर से जुड़ा एक और किस्सा है। फिल्म इंडस्ट्री में आने से पहले उनके पिता ने उन्हें एक नसीहत दी थी। दैनिक भास्कर में छपी रिपोर्ट के अनुसार, करिश्मा कपूर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उनके पिता उन्हें हमेशा से ही एक्टिंग के लिए इंस्पायर करते थे। करिश्मा ने बताया था कि उनके पिता रणधीर कपूर ने उन्हें एक ही नसीहत दी थी कि वो कपूर नाम को कभी नीचा ना करें। एक्ट्रेस ने बताया था कि उनके पिता उनके पीछे हमेशा से ही मजबूती के साथ खड़े रहे हैं। वो हमेशा उनसे सलाह लेती रहीं।

बॉबी देओल संग डेब्यू करने वाली थीं करिश्मा कपूर

करिश्मा कपूर के बारे में बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि वो बॉबी देओल के साथ बॉलीवुड डेब्यू करने वाली थीं। उनकी फिल्म का टाइटल ‘बाल ब्रह्मचारी’ था। हालांकि, ये उस समय बन नहीं पाई थी। बाद इसे 1996 में रिलीज किया गया था, बाद में उसमें राजकुमार के बेटे पुरु राजकुमार, करिश्मा कपूर के अपोजिट लीड रोल में दिखे थे। पुरु की ये डेब्यू फिल्म थी। करिश्मा के लिए फिल्मों में शुरुआत के बाद का समय आसान नहीं था। जब उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू की थी तो उनके लुक को लेकर काफी मजाक उड़ाया गया। किसी ने उन्हें लेडी रणधीर कपूर तो किसी ने उन्हें लड़के जैसी दिखाई देने वाली कहा। हालांकि, वो रुकी नहीं और फिर दूसरी फिल्म ‘पुलिस ऑफिसर’ की थी, जिसमें उनके अपोजिट जैकी श्रॉफ दिखे थे।

डेब्यू के बाद करिश्मा कपूर ने लगाई थी फ्लॉप फिल्मों की झड़ी

गौरतलब है कि करिश्मा कपूर ने ‘प्रेम कैदी’ से डेब्यू के बाद फ्लॉप फिल्मों की झड़ी लगा दी थी। उनके पास कई बड़ी फिल्मों के ऑफर आए थे। इसमें जैकी श्रॉफ के साथ ‘पुलिस ऑफिसर’, सलमान खान के साथ ‘जागृति’ और ‘निश्चय’, अक्षय कुमार के साथ ‘दीदार’ और राहुल रॉय के साथ ‘सपने साजन के’ जैसी फिल्मों के नाम शामिल हैं। डेब्यू के बाद करिश्मा की ये 5 फिल्में फ्लॉप साबित हुई थीं। हालांकि, फिर वो समय भी जल्द ही आ गया जब उनका करियर ट्रैक पर लौट आया। ‘अनाड़ी’ और ‘जिगर’ जैसी फिल्में उनके करियर को सही ट्रैक पर ले आईं।

गोविंदा के साथ हिट हुई जोड़ी, करियर ने पकड़ी रफ्तार

90 के दशक में करिश्मा के करियर ने रफ्तार तब पकड़ी जब उनकी और गोविंदा की जोड़ी स्क्रीन पर हिट हुई। दोनों ने साथ में ‘कुली नंबर 1’, ‘साजन चले ससुराल’, ‘हीरो नंबर 1’ और ‘राजा बाबू’ जैसी हिट रोमांटिक कॉमेडी फिल्मों में काम कर गोविंदा के साथ सफल जोड़ी बनाई। 1996 की ‘राजा हिंदुस्तानी’ ने उन्हें सुपरस्टार बना दिया और उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। 1997 की ‘दिल तो पागल है’ के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।

इसके बाद करिश्मा कपूर ने 1999-2000 में ‘बीवी नंबर 1’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘फिजा’, और ‘जुबैदा’ जैसी फिल्मों में कमाल का काम किया और लोगों की तालियां बटोरीं। साल 2003 के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली। संजय कपूर से शादी के बाद करिश्मा कपूर स्क्रीन से गायब हो गईं। लेकिन, करियर दांव पर लगाने के बाद भी संजय कपूर के साथ उनका रिश्ता टिक नहीं पाया और वो समय भी जल्द आ गया जब दोनों का तलाक हो गया। पति से अलग होने के बाद करिश्मा ने 2012 में ‘डेंजरस इश्क’ से वापसी की, जो कि सफल नहीं रही। 2020 में वेब सीरीज ‘मेंटलहुड और 2024 में ‘मर्डर मुबारक’ में ओटीटी की दुनिया में कदम रखा और अच्छा परफॉर्म किया।

‘हम नहीं चाहते कि किसी के साथ ऐसा हो’, जब अमिताभ बच्चन ने बताया करिश्मा से शादी टूटने के बाद कैसा था अभिषेक का हाल