कर्नाटक हिजाब बनाम भगवा दुपट्टे को लेकर विवाद जारी है। इस मामले में बॉलीवुड जगत के कई सितारें अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हेमा मालिनी, स्वरा भास्कर, कंगना रनौत, शबाना आजमी, ऋचा चड्ढा, जावेद अख्तर, कमल हसन समेत कई एक्टर्स ने इस विवाद की आलोचना की है। इसी बीच सोनम कपूर ने भी इस मुद्दे को लेकर सवाल किया है।

सोनम ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें एक तरफ पगड़ी पहने हुए एक सिख है और दूसरी तरफ बुर्का पहनी हुई एक महिला। सोनम ने तस्वीर के साथ सवाल पूछा, ”अगर पगड़ी एक विकल्प हो सकता है तो बुर्का क्यों नहीं? ”

जिसपर फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उन्हें आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सोनम को टैग करते हुए एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा, ”काश कोई इन मैडम को समझाया होता। पगड़ी और बुर्के में क्या फर्क है।” अशोक पंडित के इस ट्वीट पर लोगों ने जमकर कमेंट किए।

जस्बीर सिंह बाली नाम के एक यूजर ने लिखा, ”सिख की पगड़ी कपड़े का टुकड़ा नहीं है जिसे सुविधा के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है। यह सशस्त्र बल अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम पैन इंडिया में संवैधानिक रूप से स्वीकृत सिख निकाय का अभिन्न अंग है। आप दुनिया भर में सिख को पगड़ी के साथ देखेंगे और यह फिल्म की पोशाक नहीं है जिसका इस्तेमाल पैसे कमाने के लिए किया जा सकता है।”वहीं अशोक श्रीवास्तव नाम के एक यूजर ने लिखा, ”एक-एक कदम आगे बढ़ें।पहले राष्ट्र गान और राष्ट्रगीत का अंतर समझने दें फिर आगे बढ़ें।”

आपको बता दें कि कर्नाटक हिजाब विवाद उडुपी के गवर्नमेंट गर्ल्स पीयू कॉलेज से शुरू हुआ। इस कॉलेज की 6 छात्राओं ने आरोप लगाया था कि उन्हें हेडस्कार्फ पहनने की वजह से क्लास में आने से रोक दिया गया था। जिसके बाद बीते मंगलवार को ये विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव जैसी घटानाएं भी हुईं। ये विवाद इतना बढ़ गया कि कर्नाटक सरकार ने 3 दिन तक स्कूल-कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए। ये मुद्दा सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।