रिएलिटी शो क्वीन दिव्या अग्रवाल (Divya Aggrawal) ने 5 दिसंबर को अपने परिवार और दोस्तों के साथ अपना 30वां जन्मदिन मनाया। उनके जन्मदिन पर बॉयफ्रेंड अपूर्व पडगांवकर ने खास सरप्राइज दिया। अपूर्व ने दिव्या को अपने घुटनों पर बैठकर प्रपोज कर दिया और एक्ट्रेस ने हां कह दिया। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। दिव्या अग्रवाल ने कई तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं। जिसमें उनकी अंगूठी की भी एक फोटो है, जो बेहद खास है।

दिव्या ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ अपनी तस्वीरें शेयर की हैं और उन्हीं में एक तस्वीर अंगूठी की है। जिसमें लिखा है ‘बायCO’। इस पोस्ट के कैप्शन में दिव्या ने लिखा,”क्या मैं कभी मुस्कुराना बंद कर दूंगी? शायद नहीं। जीवन में और अधिक चमक आ गई और मुझे इस जर्नी को साझा करने के लिए सही इंसान मिल गया। उनकी #BaiCo ❤️ हमेशा के लिए वादा। इस अहम दिन के बाद से मैं कभी अकेली नहीं चलूंगी। रब राखा।” आपको बता दें कि मराठी में बायको का मतलब पत्नी होता है।

अपने जन्मदिन की पार्टी में दिव्या बेहद खूबसूरत दिख रही थीं। उन्होंने गुलाबी रंग की चमकदार ड्रेस पहनी थी। वहीं उनके बॉयफ्रेंड अपूर्व ऑल ब्लैक लुक में दिखे। एक तस्वीर में दोनों एक दूसरे को गले लगा रहे हैं, वहीं दूसरी फोटो में अपूर्व दिव्या के माथे पर किस कर रहे हैं। एक तस्वीर में दिव्या अपनी अंगूठी दिखा रही हैं।

कौन हैं दिव्या के मंगेतर?
दिव्या ने जिनसे सगाई की है वो एक इंजीनियर और बिजनेसमैन हैं। जो मुंबई में अपने चार रेस्टोरेंट चलाते हैं। दोनों की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी और एक दूसरे को देखते ही दोनों को प्यार हो गया। अपूर्व ने अपनी इस लव स्टोरी को यादगार बनाने के लिए दिव्या के जन्मदिन पर खास तरीके से उन्हें प्रपोज किया। इसके अलावा अपूर्व ने दिव्या के भाई और मां के सामने भी प्रपोजल रखा और शादी के लिए अप्रूवल मांगा।

वरुण सूद संग क्यों टूटा था रिश्ता?
दिव्या अग्रवाल और वरुण सूद ने कई सालों तक एक दूसरे को डेट किया था। लेकिन कुछ महीने पहले दिव्या ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने ब्रेकअप की जानकारी फैंस को दी थी। हालांकि उस वक्त एक्ट्रेस ने इसका कारण नहीं बताया था, लेकिन बाद में उन्होंने इस बारे में बात की। दिव्या ने कहा था कि वरुण के साथ वो अपना फ्यूचर नहीं देखतीं, इसलिए दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए।

बॉयफ्रेंड की गर्लफ्रेंड के एक्स थे वरुण सूद
सभी जानते हैं कि दिव्या अग्रवाल को स्प्लिट्सविला (Splitsvilla) से लोग जानने लगे थे। शो में उन्हें प्रियांक शर्मा से प्यार हो गया था। दोनों के रिश्ते के चर्चे सोशल मीडिया पर हुआ करते थे। लेकिन प्रियांक ने ‘बिगबॉस-11’ में हिस्सा लिया, जहां बेनाफ्शा पूनावाला संग उनकी नजदीकियां बढ़ने लगी। इस शो के बाद दिव्या ने प्रियांक से रिश्ता तोड़ दिया।

इसके बाद दिव्या अग्रवाल ने ‘Ace of Space’ में हिस्सा लिया, जहां उनकी मुलाकात वरुण सूद से हुई। बता दें कि वरुण सूद, दिव्या के एक्स प्रियांक की गर्लफ्रेंड बेनाफ्शा के पूर्व प्रेमी थे। शो में वरुण को दिव्या से प्यार हो गया और यहां से दोनों का रिश्ता शुरू हुआ।