बिहार में 3 नवंबर को दूसरे चरण के लिए 94 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। ऐसे में जनता तेजस्वी से लेकर तेजप्रताप यादव जैसे कई नेताओं के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेगी। बिहार के इस विधानसभा चुनाव में नेताओं के साथ-साथ भोजपुरी स्टार भी खूब सक्रिय हैं। कई भोजपुरी स्टार अलग-अलग पार्टियों के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। मनोज तिवारी, निरहुआ, खेसारीलाल यादव, अक्षरा सिंह जैसे भोजपुरी स्टार बिहार में अलग-अलग पार्टियों के लिए वोट मांग रहे हैं ।
भाजपा के लिए प्रचार कर रहे हैं मनोज तिवारी
उत्तर-पूर्वी दिल्ली से बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी लगातार भाजपा के लिए चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। मनोज तिवारी चुनावी रैलियों में भोजपुरी गाने भी गा रहे हैं। मोतिहारी में एक रैली को संबोधित करने जाते हुए मनोज तिवारी के हेलीकॉप्टर में तकनीकी दिक्कत आ गई थी जिसके बाद हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
निरहुआ के साथ सेल्फी लेने के लिए बेकाबू हो गई भीड़
आजमगढ़ से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़े भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ भाजपा प्रत्याशियों के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। निरहुआ चुनाव प्रचार में लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर खूब निशाना साध रहे हैं। रक्सौल में निरहुआ की चुनावी रैली में भीड़ बेकाबू हो गई थी। निरहुआ के चाहने वालों ने उनके साथ सेल्फी लेने के लिए पुलिस का सुरक्षा घेरा भी तोड़ दिया था। जिसके बाद निरहुआ को जल्द ही भाषण खत्म करना पड़ा था।
आरजेडी के लिए वोट मांग रहे हैं खेसारी लाल यादव
भोजपुरी स्टार खेसारी लालू प्रसाद यादव की आरजेडी के लिए वोट मांग रहे हैं। खेसारीलाल यादव आरजेडी के लिए कई जगह चुनाव प्रचार कर चुके हैं। अपने गृह जिले छपरा में भी खेसारी ने आरजेडी के लिए वोट मांगे थे। खेसारी ने प्रचार के दौरान अपना छपरा से ताल्लुक बताते हुए कहा था,’मैं भले ही स्टार हूं, लेकिन छपरा की जनता के लिए मैं उनका बेटा ही हूं।’
तेजस्वी के पक्ष में प्रचार कर रही हैं अक्षरा सिंह
भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह भी आरजेडी के लिए प्रचार कर रही हैं। अक्षरा कई जगह आरजेडी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर चुकी हैं। अक्षरा सिंह को देखने के लिए भी उनकी रैलियों में खूब भीड़ जुट रही है।