बॉलीवुड के जैसे ही भोजपुरी सितारों की भी अपनी फैन फॉलोइंग है। देश ही नहीं विदेशों में भी भोजपुरी स्टार्स की फैन फॉलोइंग का डंका बजता है। लोग अपने चहेते स्टार की झलक पाने के लिए बेसब्री से इंतजार करते हैं। इसी में से एक भोजपुरी के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ और आम्रपाली दुबे भी है। दोनों की जोड़ी इंडस्ट्री की हिट जोड़ियों में से एक है। इनकी केमिस्ट्री को फैंस काफी पसंद करते हैं। दोनों ने 30 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। ऐसे में आज आपको दोनों से जुड़े एक किस्से के बारे में बता रहे हैं, जब निरहुआ रिक्शावालों के बीच फंस गए थे वो भी आम्रपाली दुबे की वजह से। चलिए बताते हैं…

दरअसल, दिनेश लाल यादव निरहुआ और आम्रपाली दुबे एक बार कॉमेडियन कपिल शर्मा के शो में पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ने मजेदार बातें और किस्से शेयर किए थे। इसी बीच एक्टर ने बताया था कि एक बार वो आम्रपाली दुबे के साथ आउटिंग पर निकले थे और फिर रिक्शावाले के बीच फंस गए थे। इसके बाद वो 3-4 घंटे तक उसी के साथ घूमते रहे थे। इस किस्से का खुलासा करते हुए भोजपुरी स्टार ने बताया था कि वो आम्रपाली दुबे की वजह से रिक्शावालों के बीच फंसे थे।

जब साथ फिल्म देखने गए थे आम्रपाली-निरहुआ

निरहुआ ने बताया था कि एक बार वो आम्रपाली दुबे के साथ फिल्म देखने के लिए गए थे। जब फिल्म खत्म हो गई थी तो दोनों रिक्शा पकड़कर ही घर लौटे थे। इस दौरान दोनों स्टार्स ने फैंस से बचने के लिए मास्क लगाया हुआ था। लेकिन फिर भी उनके चाहने वाले उन्हें पहचान गए थे। वो जिस रिक्शा में बैठे थे उन्हें वो बार-बार पहचानने की कोशिश कर रहा था। उसने भोजपुरी स्टार से पूछा था कि क्या वो फिल्मों में काम करते हैं? तो इस पर उन्होंने उसे इस बात से इनकार करते हुए जवाब दिया था।

रिक्शावाले ने 3-4 घंटे घुमाया

दिनेश लाल यादव आगे बताते हैं कि जैसे ही आम्रपाली दुबे का घर आता है वो रिक्शे से नीचे उतरती हैं और फिर एकदम जोर से चिल्लाती हैं ‘ए निरहुआ…’ इसके बाद भोजपुरी एक्टर उस रिक्शा वाले के साथ फंस जाते हैं। फिर क्या था उसने एक्टर को 3-4 घंटे अपने साथ ही घुमाया था और सारे दोस्तों रिश्तेदारों से उनकी मुलाकात करवाई थी। सबसे मिलवाने के बाद उसने भोजपुरी जुबली स्टार को घर छोड़ा था। तब जाकर उनकी सांस में सांस आई थी। निरहुआ ने इस बातचीत में बताया था कि आम्रपाली उनके साथ ऐसे मजाक कई बार कर चुकी हैं।

आम्रपाली और निरहुआ, भोजपुरी की हिट जोड़ी है

आपको बता दें कि आम्रपाली और निरहुआ, भोजपुरी की हिट जोड़ियों में से एक हैं। दोनों की केमिस्ट्री इतनी पॉपुलर है कि वो जिस भी फिल्म में होते हैं तो वो मूवी हिट ही होनी है। इनकी केमिस्ट्री दर्शकों को इतनी पसंद आती है कि कई बार दोनों उनके फैंस पति-पत्नी तक समझ बैठे हैं। इनके अफेयर के चर्चे भी खूब रहते हैं। ऐसे में हाल ही में उनकी शादी की चर्चा खूब रही थी, जिसके बाद आम्रपाली ने बहन आंचल दुबे के पॉडकास्ट में खुलासा किया था और रिएक्शन देते हुए कहा था कि उनके बीच ऐसा कुछ नहीं है। दोनों केवल अच्छे दोस्त हैं और निरहुआ को टॉर्चर करना बंद किया जाए। उनके दो बच्चे हैं और वो शादीशुदा हैं। आम्रपाली ने ये भी कहा था कि वो जिस दिन शादी करेंगी सभी को पता चल जाएगा। साथ ही ये भी कहा था कि अगर निरहुआ शादीशुदा नहीं होते तो वो उनसे जरूर शादी कर लेतीं।