इस वक्त देश के कई राज्यों में चुनावी हलचल हो रही है। जिसके लिए सभी राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारी में जुटी है। अपनी सियासत के लिए प्रसिद्ध उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। कई सितारे राजनीति में अपना हाथ आजमाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच भोजपुरी इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस रानी चटर्जी का भी नाम कांग्रेस से जुड़ गया है। अभिनेत्री ने हाल ही में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली है।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी: बता दें कि रानी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की जानकारी भी उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए ही दी। रानी चटर्जी ने अपने इंस्टाग्राम पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के साथ अपनी तस्वीर साझा की है। जिसमें उन्होंने लिखा, ”एक और लड़की लड़ने के लिए तैयार है। प्रियंका जी के अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के साथ जुड़ कर मैं एक नया अध्याय शुरू कर रही हूं। आज प्रियंका गांधी जी से दिल्ली में मुलाकात हुई साथ में मुंबई कांग्रेस के युवा नेता मेरे मित्र सूरज सिंह ठाकुर।”

इस खबर के बाद लोगों ने एक्ट्रेस की पोस्ट पर कमेंट करना शुरू कर दिया है। जहां एक तरफ उनके फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं, तो वहीं कुछ लोगों ने एक्ट्रेस को ट्रोल करना शुरू कर दिया। किसी ने लिखा, ‘डूबती नैया में सवार हो गईं।’ तो कोई लिखा रहा है, ‘बहुत बुरी तरह हारने को तैयार रहें।’

बता दें कि रानी चटर्जी भोजपुरी फिल्मों की वो एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने बड़े से बड़े एक्टर के साथ काम किया है। भाजपा सांसद रवि किशन जो एक एक्टर भी हैं, रानी उनके साथ भी काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही मनोज तिवारी, पवन सिंह, निरहुआ भी बीजेपी का हिस्सा हैं।

रानी चटर्जी का असली नाम शबीहा शेख है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में भोजपुरी फैमिली ड्रामा ‘ससुरा बड़ा पैसावाला’ से की थी। जिसमें उनके साथ मनोज तिवारी थे। हाल ही में एक्ट्रेस ने ‘मेरा पति मेरा देवता है’ फिल्म शूट की है। इस फिल्म में वह बिहारी बॉय प्रेम सिंह के साथ नजर आएंगी। बता दें कि इसके साथ ही रानी जल्द टीवी शो पर भी दिखने वाली हैं।