भोजपुरी सिनेमा में बहुत सी जोड़ियां बनती और बिगड़ती रही हैं। कुछ जोड़ियां आज तक सलामत हैं तो कुछ टूट गईं। इसी में एक जोड़ी पवन सिंह और निधि झा की रह है। दोनों ने एक ब्लॉकबस्टर सॉन्ग ‘लूलिया का मांगेले’ दिया था। इस गाने ने म्यूजिक वर्ल्ड में बवाल ही काट दिया था। साथ ही इनकी केमिस्ट्री ने सभी का दिल जीत लिया था। हालांकि, इसके बाद दोनों स्टार्स लंबे समय तक साथ नहीं दिखे। निधि ने भी यश कुमार से शादी के बाद पर्दे से दूरियां बना ली। ऐसे में अब उनको एक बार फिर से पर्दे पर देखा जा सकता है वो भी पवन सिंह के साथ। ये जोड़ी एक बार फिर से बवाल काटने जा रही है और इन्हें साथ लाने का काम निभा फिल्म्स मगध बिहार के बैनर ने किया है।
निधि झा और पवन सिंह की जोड़ी निभा फिल्म्स मगध बिहार के बैनर तले बनी फिल्म ‘पवन की चांदनी’ के जरिए स्क्रीन पर दोबारा से दिखने वाली है। इस फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसमें एक्शन और रोमांस का जबरदस्त डोज देखने के लिए मिला है। इसे TF फिल्म्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। पवन सिंह और निधि की कमाल की परफॉर्मेंस देखने के लिए मिली है। दोनों एक बार फिर से अपनी केमिस्ट्री से फैंस का दिल जीत लिया है। ट्रेलर देखकर कहना गलत नहीं होगा कि निधि झा की पर्दे पर धांसू वापसी होने वाली है।
फिल्म के निर्माता गया राज ने फिल्म की कहानी के बारे में बताया कि इसकी कहानी एक बहुत प्यारे कॉन्सेप्ट पर आधारित है, जिसमें आपको प्रेम और नारी के प्रति सम्मान देखने के लिए मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि हमने एक बेहतर सिनेमा बनाने का प्रयास किया है। इसे जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
बिहार-मुंबई में हुई है फिल्म की शूटिंग
फिल्म की मेकिंग बहुत उम्दा तरीके से हुई है, जिसकी शूटिंग मुंबई और बिहार की खूबसूरत लोकेशन पर की गई है। फिल्म का लेखन और निर्देशन चन्द्रभूषण मनी ने किया है। फिल्म का निर्माण निभा फिल्म्स मगध बिहार व राम शर्मा फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता गया राज हैं।
फिल्म गीतों को अरुण बिहारी, प्रकाश बारूद, विनय निर्मल, राकेश राज, नरेश कुशवाहा ने लिखा है और म्यूजिक छोटे बाबा, रौशन सिंह ने दिया। इसमें पावरस्टार पवन सिंह और निधि झा के अलावा मंटू सिंह, सौरभ सम्राट, नंदनी सिंह, प्रकाश कुमार, कोमल सिंह जैसे कई कलाकार नजर आने वाले हैं।